'17 साल की उम्र से कमा रही हूं', अर्शदीप सिंह की पार्टनर समरीन कौर ने ट्रोलर्स को दिया करारा जवाब
क्रिकेटर अर्शदीप सिंह की पार्टनर समरीन कौर ने 'फेम डिगर' कहने वाले ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया है। जानें उन्होंने अपनी आत्मनिर्भरता पर क्या कहा।

भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और एक्ट्रेस-मॉडल समरीन कौर का रिश्ता इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। जहां एक तरफ लोग इस जोड़ी को पसंद कर रहे हैं, वहीं कुछ लोग समरीन को 'फेम डिगर' (प्रसिद्धि के लिए रिश्ता बनाने वाली) कहकर निशाना बना रहे थे। अब इन ट्रोलर्स को समरीन कौर ने बेहद बेबाकी से जवाब दिया है।
समरीन ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए उन लोगों को आईना दिखाया है जो उनकी निजी जिंदगी और उनके रिश्तों पर सवाल उठा रहे थे। उन्होंने सोशल मीडिया के दोहरे मापदंडों पर प्रहार करते हुए कहा कि महिलाओं को हर हाल में जज किया जाता है। अगर वे अपने रिश्ते को निजी रखें तो कहा जाता है कि उन्हें अपने पार्टनर पर गर्व नहीं है, और अगर वे खुलकर प्यार जताएं तो आरोप लगता है कि वे केवल फेम या अटेंशन के लिए ऐसा कर रही हैं।
अपनी आत्मनिर्भरता और करियर पर कही बड़ी बात
समरीन ने ट्रोलर्स को यह याद दिलाया कि वह किसी की मोहताज नहीं हैं। उन्होंने खुलासा किया कि वह महज 17 साल की उम्र से काम कर रही हैं और आर्थिक रूप से पूरी तरह स्वतंत्र हैं। समरीन ने लिखा, "मैं 17 साल की उम्र से काम कर रही हूं, अपनी आर्थिक और पेशेवर जरूरतों का ख्याल खुद रख रही हूं और अब तक 20 से ज्यादा देशों की यात्रा कर चुकी हूं। मैंने अपने दम पर एक खुशहाल जीवन बनाया है।"
उन्होंने आगे कहा कि वह अपनी लाइफस्टाइल और यात्राओं के लिए खुद सक्षम हैं और भगवान की कृपा से उन्हें यह सब मिला है। अर्शदीप के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि वह बहुत भाग्यशाली हैं कि उन्हें ऐसा जीवनसाथी मिला, जिसे वह बहुत पहले मिलना चाहती थीं। उन्होंने साफ किया कि वह अपने और अर्शदीप के बारे में पोस्ट करेंगी क्योंकि यह उनकी जिंदगी है और जिसे यह पसंद नहीं, वह उनका पेज छोड़ सकता है।
समरीन ने विशेष रूप से उन महिलाओं के प्रति नाराजगी जताई जो दूसरी महिलाओं को नीचा दिखाती हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि उनकी टीम उन सभी लोगों को ब्लॉक कर रही है जो अपनी निजी कुंठाएं निकालने उनके प्रोफाइल पर आ रहे हैं।
दूसरी ओर, क्रिकेटर अर्शदीप सिंह ने भी अपनी पार्टनर का समर्थन किया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर समरीन को 'स्ट्रॉन्ग' बताते हुए कहा कि उन्हें अपनी पार्टनर पर गर्व है। अर्शदीप ने लोगों से अपील की कि वे 'लिव एंड लेट लिव' (जियो और जीने दो) की नीति अपनाएं और इंटरनेट को एक बेहतर जगह बनाएं। उन्होंने लिखा कि प्यार करना और प्यार पाना इंसान के लिए सबसे खूबसूरत अहसास है और वह दुआ करते हैं कि सबको यह अनुभव मिले।