गुरुग्राम: सलवान पब्लिक स्कूल के छात्रों ने नाटकों के जरिए दिया समाज को संदेश

गुरुग्राम के सलवान पब्लिक स्कूल में वार्षिकोत्सव का आयोजन बेहद धूमधाम से किया गया। इस खास मौके पर स्कूल परिसर सांस्कृतिक रंगों में रंगा नजर आया, जहां विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा और सृजनात्मकता से सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 'सुनो भाई साधो' रहा, जिसके जरिए भारतीय संतों की परंपरा, जीवन मूल्यों और हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को बहुत ही खूबसूरती से मंच पर उतारा गया।
इस समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथि मेजर जनरल साइरस एडी पीठावाला (अशोक चक्र, विशिष्ट सेवा पदक) ने की। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला शिक्षा अधिकारी कैप्टन इन्दु बोकन कसाना और स्कूल के पूर्व छात्र व मशहूर अभिनेता-निर्देशक दिनकर शर्मा मौजूद रहे। स्कूल के चेयरमैन डॉ. प्रसाद मेदुरी और प्रबंधन समिति ने सभी अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।
कला और संस्कृति का अद्भुत संगम
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के विजन को आगे बढ़ाते हुए छात्रों ने क्लासिकल तराना पेश किया, जिसने उनकी सांस्कृतिक चेतना को प्रदर्शित किया। वहीं, जूनियर विंग के छोटे कलाकारों ने 'कहत कबीर' नामक नृत्य-नाटिका पेश की। इसमें संत कबीर के 500 साल पुराने दोहों को आज के दौर की परिस्थितियों से जोड़कर प्रेम और मानवीयता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का सबसे प्रभावशाली हिस्सा सीनियर विंग के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नाटक 'पुतलियों के पार' रहा। इस नाटक में रोशनी, संगीत और मूक अभिनय के जरिए यह दिखाया गया कि कैसे आज की आभासी दुनिया (Virtual World) से परे अपने अंतर्मन की आवाज सुनना और सत्य-असत्य के बीच भेद करना जरूरी है। विद्यार्थियों की इस प्रस्तुति ने दर्शकों को सोचने पर मजबूर कर दिया कि वास्तविक चरित्र की पहचान क्या होती है।