सहारनपुर में घोषणा: 9 अगस्त को दिल्ली में होगा 45 वां विशाल व्यापारी सम्मेलन, तैयारी शुरू

Kittu Kumari6 August 20262 min read45 viewsNational
सहारनपुर में घोषणा: 9 अगस्त को दिल्ली में होगा 45 वां विशाल व्यापारी सम्मेलन, तैयारी शुरू

सहारनपुर के रेलवे रोड स्थित व्यापार मण्डल मुख्यालय कार्यालय पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मण्डल की जिला इकाई की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक को संबोधित करते हुए व्यापार मण्डल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व जिलाध्यक्ष शीतल टण्डन ने महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि देश के करोड़ों व्यापारियों का संगठन भारतीय उद्योग व्यापार मण्डल अपने पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व सांसद स्वर्गीय श्याम बिहारी मिश्रा के नेतृत्व में व्यापारियों की सेवा करता आ रहा है। यह संगठन हर साल अगस्त माह में दिल्ली में विशाल व्यापारी सम्मेलन का आयोजन करता है, जिसमें देश के सभी प्रदेशों के व्यापारी प्रतिनिधि भाग लेते हैं। यह संगठन लंबे समय से व्यापारियों और सरकार के बीच सेतु का कार्य करता आ रहा है।

सम्मेलन की तिथि और मुख्य अतिथि


संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबूलाल गुप्ता (राजस्थान) व राष्ट्रीय वरिष्ठ महामंत्री मुकुन्द मिश्रा (उत्तर प्रदेश) तथा वरिष्ठ राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने इस वर्ष 9 अगस्त 2026 रविवार को नई दिल्ली के संसद मार्ग स्थित मावलंकर हॉल, कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में 45 वां सम्मेलन करने का निर्णय लिया है। इस सम्मेलन का उद्घाटन भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल व हर्ष मल्होत्रा करेंगे। इसके अलावा व्यापारी कल्याण बोर्ड, भारत सरकार के अध्यक्ष सुनील सिंघी भी कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में विभिन्न प्रांतों से सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, विधायक और व्यापार मण्डल के सैकड़ों पदाधिकारी दिल्ली पहुंच रहे हैं।

सम्मेलन के मुख्य मुद्दे और मांगें


श्री टण्डन ने बताया कि यह कार्यक्रम हर साल 9 अगस्त को राष्ट्रीय व्यापारी दिवस एवं भामाशाह सम्मान समारोह के रूप में मनाया जाता है। इस अधिवेशन में ऑनलाइन व्यापार से प्रभावित हो रहे छोटे खुदरा व्यापार, खाद्य सुरक्षा अधिनियम के मानकों में व्यापक सुधार, जी.एस.टी. विभाग से व्यापारियों को आ रही छोटी-छोटी दिक्कतें और जी.एस.टी. की स्लैब कम करने को लेकर चर्चा होगी। साथ ही एक देश एक मंडी टैक्स (0.5 प्रतिशत) को लागू किए जाने को लेकर व्यापारी प्रतिनिधि सरकार से मांग करते हुए इसकी योजना-रचना बनाएंगे। अधिवेशन में व्यापारियों की समस्याओं पर गहन चिंतन कर निस्तारण हेतु रूपरेखा तय की जाएगी।

सहारनपुर से भागीदारी और उपस्थिति


शीतल टण्डन ने कहा कि संगठन के दिवंगत मार्गदर्शकों पंडित श्याम बिहारी मिश्रा, मनोहर लाल व विजय प्रकाश जैन द्वारा दिखाए मार्ग पर देश के व्यापारी आगे बढ़कर कार्य करेंगे। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मण्डल के प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा, प्रदेश चेयरमैन महेंद्र जैन मयूर, प्रदेश महामंत्री दिलीप सेठ, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र गुप्ता एवं वरिष्ठ पदाधिकारियों के निर्देशानुसार सहारनपुर जनपद से बड़ी संख्या में व्यापारी प्रतिनिधि सहभागिता करेंगे। बैठक के अवसर पर जिला महामंत्री रमेश अरोड़ा, जिला कोषाध्यक्ष कर्नल संजय मिडढ़ा, मेजर एस. के. सूरी, पवन कुमार गोयल, राकेश गाबा, कपिल डाबर, अभिषेक भाटिया, रमेश डावर, मुरली खन्ना आदि उपस्थित रहे।

Share:

Comments

Leave a comment