सहारनपुर में नेशन बिल्डर्स एकेडमी और मोक्षायतन योग संस्थान ने निकाली तिरंगा रैली, फोन पर 'वंदे मातरम' बोलने का संकल्प

Kittu Kumari14 August 20262 min read75 views
सहारनपुर में नेशन बिल्डर्स एकेडमी और मोक्षायतन योग संस्थान ने निकाली तिरंगा रैली, फोन पर 'वंदे मातरम' बोलने का संकल्प

सहारनपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवाहन पर हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत एक अनूठी तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। नेशन बिल्डर्स एकेडमी के बच्चों, शिक्षकों और मोक्षायतन अंतर्राष्ट्रीय योग संस्थान के साधक-साधिकाओं ने इस तिरंगा रैली में हिस्सा लिया। यह आयोजन राष्ट्रीय शिक्षक और संस्कृत व संस्कृतनिष्ठ भारत के स्वप्नदृष्टा पंडित विश्वम्भर सिंह की जन्म जयंती 13 से 15 अगस्त तक नागरिकों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने और 'वंदे मातरम्' के भाव से जुड़ने की प्रेरणा देने के लिए किया गया। इस दौरान रैली ने पंडित विश्वम्भर सिंह द्वार, जेल रोड, बेरी बाग, रंजीत नगर, सुक्खुपुरा मौजमपुरा क्षेत्र में परिक्रमा की।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

रैली के दौरान प्रतिभागियों ने 'हम नेशन बिल्डर्स, जागेंगे जगाएंगे, पढ़ेंगे पढ़ाएंगे, देश को बढ़ाएंगे, वंदे मातरम गायेंगे' और शहीदों के जयघोष लगाए। परिक्रमा रैली के बाद बच्चों और साधकों से संवाद किया गया। योगगुरु स्वामी भारत भूषण के आवाहन पर सभी ने फोन कॉल्स आने पर 'हाय हेलो' जैसे निरर्थक शब्द बोलने की आदत छोड़कर 'वंदे मातरम' और कॉल समाप्त होने पर 'ओके' के बजाय 'जय हिन्द' बोलने के संकल्प दोहराए। इसके साथ ही मां को 'ममी' और पिता को 'डेड' न कहने का संकल्प भी लिया गया।

वरिष्ठ साधक नंद किशोर और ललित वर्मा ने बताया कि मोक्षायतन और नेशन बिल्डर्स एकेडमी में गुरुदेव ने यही सिखाया है कि संस्कृति की रक्षा संस्कार अपनाने से होती है, मात्र नारों से नहीं। वन्दे मातरम का भाव आगे बढ़ाने के लिए संस्थान द्वारा संस्कार भिक्षा अभियान भी संचालित है। रैली समापन पर अनीता शर्मा, पूनम वर्मा, ललित वर्मा व ऋषिपाल सिंह ने युवाओं में चरित्र निर्माण के लिए योग, स्वास्थ्य और संस्कृति रक्षा के सहयोगी पांच संस्कारों पर प्रकाश डाला। सभी ने अंत में दोहराया कि जुबान को तोलेंगे, फोन खोलेंगे तो हेलो नहीं वंदे मातरम और बात खत्म करें तो ओके नहीं जय हिन्द बोलेंगे, साथ ही वंदे मातरम गाएंगे और भेदभाव मिटाएंगे।

Share:

Comments

Leave a comment