सहारनपुर पुलिस ने पकड़े दो शातिर तस्कर, 4 करोड़ से ज्यादा की स्मैक और गाड़ी बरामद

सहारनपुर जनपद की थाना बेहट पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले दो शातिर नशा तस्कर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्तों के पास से अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 04 करोड़ 10 लाख रुपये कीमत की अवैध स्मैक बरामद की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 804 ग्राम अवैध स्मैक पाऊडर, एक बुलेरो कार, एक इलेक्ट्रोनिक कांटा और 2 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
तस्करों की गिरफ्तारी और बरामदगी
क्षेत्राधिकारी बेहट के निकट पर्यवेक्षण में और प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र सिंह दीक्षित के नेतृत्व में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर चेकिंग के दौरान यह कार्रवाई की। थाना बेहट पुलिस ने गंदेवड अड्डे से चिलकाना की ओर जाने वाले रास्ते से तालिब पुत्र सलीम (निवासी ग्राम असगरपुर, थाना मिर्जापुर, जिला सहारनपुर) और अमित उर्फ अनित पुत्र कटारसिंह (निवासी ग्राम बुठेडा, थाना सरसावा, जिला सहारनपुर) को गिरफ्तार किया है।
पुलिस द्वारा दर्ज किया गया मामला
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर अभियुक्तों के खिलाफ थाना बेहट में मु0अ0सं0 335/2026 धारा 8/21/60(3) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। अभियुक्तों द्वारा मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के संबंध में फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंको की जांच की जा रही है और गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर उन्हें समय से माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।