सहारनपुर में स्वतंत्रता दिवस पर नन्हें बच्चों ने किया ध्वजारोहण, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन

सहारनपुर में स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर मोक्षायतन योग संस्थान, नेशन बिल्डर्स एकेडमी और राष्ट्र वंदना मिशन द्वारा स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इस अनूठे समारोह की शुरुआत नन्हीं बेटियों अनायरा एवं धृति के हाथों, गुरुदेव पद्मश्री स्वामी भारत भूषण के सान्निध्य में तिरंगा ध्वज फहराने और वंदे मातरम गान के साथ हुई। इस बार के आयोजन की खास बात यह रही कि स्वाधीनता का उद्घोष पवित्र शंख ध्वनि से किया गया और कार्यक्रम की पूरी कमान देश के नन्हें बेटे-बेटियों को सौंपी गई थी।
रंगारंग प्रस्तुतियां और भाषण
नेशन बिल्डर्स अकादमी की वरिष्ठ शिक्षक सुरभि सेठी, रिया और यशोदा के संचालन में रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस कार्यक्रम की शुरुआत प्रसिद्ध गायक अमित कुमार के देशभक्ति गीतों से हुई, जिसमें छोटे-बड़े नेशन बिल्डर्स द्वारा रंगारंग नृत्य, अभिनय और नाटिकाएं प्रस्तुत की गईं। इसके साथ ही बच्चों द्वारा अंग्रेजी और हिंदी में दिए गए दमदार भाषणों ने खूब तालियां लूटीं। एकेडमी के नन्हें ब्रह्मचारियों ने पीली-सफेद पोशाक में योगासनों के संतुलन की सुंदर प्रस्तुति देकर सबका मन मोह लिया।
पुरस्कार वितरण और समापन
प्रधानमंत्री मोदी के 'हर घर तिरंगा' और 'वंदे मातरम' अभियान पर आधारित पोस्टर प्रतियोगिता के विजेताओं को पद्मश्री स्वामी भारत भूषण, डॉ. आर.पी. सारस्वत और डॉ. विजेंद्रपाल शर्मा द्वारा स्वर्ण, रजत और कांस्य पदकों से पुरस्कृत किया गया। एकेडमी की प्राचार्या गुरु माता इष्ट शर्मा ने कहा कि दैनिक जीवन में बुरी आदतों व नकारात्मक विचारों की गुलामी से आजादी की लड़ाई लड़कर हम देश और अमर बलिदानियों द्वारा अर्जित आजादी की रक्षा करते हुए इसे शिखर पर पहुंचा सकेंगे। आयोजन का समापन नेशन बिल्डर्स एकेडमी के विद्यार्थियों, अभिभावकों, अतिथियों और आमजन द्वारा राष्ट्रगान तथा मुक्त भंडारे के साथ हुआ।