सहारनपुर में हर घर तिरंगा अभियान की तैयारी, अधिकारियों को दिए गए खास निर्देश

Kittu Kumari10 August 20262 min read77 viewsNational
सहारनपुर में हर घर तिरंगा अभियान की तैयारी, अधिकारियों को दिए गए खास निर्देश

सहारनपुर जनपद में 09 से 17 अगस्त तक मनाए जाने वाले हर घर तिरंगा अभियान को देशभक्ति से ओत-प्रोत बनाने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं। इस अभियान के तहत भारत की आन-बान-शान राष्ट्रध्वज फहराने की अपील की गई है और नागरिक तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी www.harghartiranga.com पर अपलोड कर सकते हैं।

अधिकारियों को दिए गए आवश्यक निर्देश

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

सहारनपुर के जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन ने निर्देश दिए कि सभी विभाग हर घर तिरंगा कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति एवं देशप्रेम के लिए आमजनों को प्रोत्साहित करें। दिए गए लक्ष्य के सापेक्ष शेष झंडों को तैयार कर समय से वितरण करना सुनिश्चित किया जाए। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि झंडे का आकार आयताकार होना चाहिए और लंबाई एवं चौड़ाई का अनुपात 3:2 होना चाहिए। झंडा बनाने के लिए खादी, हाथ एवं मशीन से बने हुए सूती, पॉलिएस्टर, ऊनी, सिल्क कपड़े का प्रयोग किया जा सकता है। झंडे के तीन रंगों में सबसे ऊपर केसरिया, बीच में सफेद और नीचे हरे रंग के प्रयोग के साथ ही सफेद पट्टी में 24 तीलियों वाले अशोक चक्र को बाद में प्रिंट किया जाना अनिवार्य किया गया है।

तिरंगा फहराने के नियम और ध्वज संहिता

सुमित राजेश महाजन ने झंडा फहराने के नियम बताते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने आवास, स्कूल, सरकारी कार्यालयों में झंडा सम्मान के साथ ध्वज संहिता का अनुपालन करते हुए फहराना है। राष्ट्रध्वज फहराते समय केसरिया पट्टी झंडे में ऊपर की ओर होनी चाहिए। 13 से 15 अगस्त तक हर घर, अशासकीय एवं शासकीय संस्थानों में तिरंगा फहराया जाएगा। शासकीय भवनों, शैक्षणिक संस्थानों, होटलों, कार्यालयों, बांधों, पुलों आदि पर ध्वजारोहण समारोह और तिरंगा प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। झंडा यदि सरकारी परिसर में फहराया जाता है तो सूर्योदय के उपरांत ध्वजारोहण किया जाना चाहिए और सूर्यास्त के साथ पूरे सम्मान के साथ उतारा जाना चाहिए।

नागरिकों से विशेष अपील

13 से 15 अगस्त तक निजी आवासों एवं प्रतिष्ठानों पर लगाए जाने वाले झंडों को निर्धारित समयावधि के उपरांत पूर्ण आदरभाव एवं सम्मान के साथ उतारकर सुरक्षित रखा जाएगा। हर घर पर झंडा सही तरीके से लगाया जाना चाहिए तथा आधा झुका, कटा या फटा झंडा किसी भी दशा में न लगाया जाए। मुख्य विकास अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा है कि हर घर तिरंगा कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय ध्वज संहिता का अक्षरशः अनुपालन करते हुए तिरंगे को स्थापित किया जाए। कार्यक्रम के उपरांत झंडे को सुरक्षित रखें और आमजनमानस से अपील की गई है कि सम्पूर्ण कार्यक्रम के दौरान तिरंगे के साथ सेल्फी www.harghartiranga.com पर अपलोड करके अभियान में अपना नाम दर्ज करें, अपना सर्टिफिकेट बनाएं और इसे डाउनलोड करें।

Share:

Comments

Leave a comment