सहारनपुर में हर घर तिरंगा अभियान 2026 की तैयारियां पूरी, 9 से 17 अगस्त तक होंगे कई कार्यक्रम

Kittu Kumari8 August 20262 min read24 views
सहारनपुर में हर घर तिरंगा अभियान 2026 की तैयारियां पूरी, 9 से 17 अगस्त तक होंगे कई कार्यक्रम

सहारनपुर में मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में 09 से 17 अगस्त के बीच तीन चरणों में हर घर तिरंगा अभियान 2026 के आयोजन की तैयारियों के संबंध में बैठक आहूत की गयी। इस बैठक में शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के क्रम में जनपद की कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित विभागों को निर्धारित दायित्वों का समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी ‘हर घर तिरंगा अभियान’ को व्यापक जनसहभागिता के माध्यम से जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जाएगा। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक घर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ ही नागरिकों में राष्ट्रीय अस्मिता, देशभक्ति एवं गौरव की भावना को और मजबूत करना है। इस अभियान को राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ की 150वीं जयंती के अवसर से भी जोड़ा गया है।

अभियान के तीन चरण और विभिन्न कार्यक्रम

प्रथम चरण में स्कूलों की दीवारों और बोर्डों को तिरंगा से प्रेरित कलाकृतियों से सजाया जाएगा। शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी भवनों, शॉपिंग मॉल, रेलवे स्टेशन, हवाई अड्डा, बस अड्डा, सार्वजनिक उद्यान आदि चिन्हित स्थानों पर तिरंगा प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। विद्यार्थियों द्वारा सैनिकों और पुलिसकर्मियों को आभार पत्र लिखकर डाक विभाग के समन्वय से भेजा जाएगा। द्वितीय चरण में स्कूल, कॉलेज तथा तकनीकी संस्थानों में स्वतंत्रता आंदोलन पर आधारित प्रतियोगिता करायी जाएगी और तिरंगा महोत्सव के रूप में वृहद तिरंगा मेला और भव्य तिरंगा म्यूजिकल कॉन्सर्ट आयोजित किया जाएगा। तृतीय चरण में सभी आवासित घरों, सरकारी, गैर सरकारी संस्थानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, शहीद स्मारकों, अमृत सरोवरों आदि पर ध्वजारोहण समारोह और तिरंगा प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। स्वतंत्रता दिवस के दिन बेसिक एवं माध्यमिक स्कूलों के छात्र-छात्राओं की रैली निकाली जाएगी।

बैठक में उपस्थित अधिकारी

अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए विभागीय वेबसाइट, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म सहित विभिन्न माध्यमों का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 प्रवीण कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सलिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह, एसडीएम सदर सुबोध कुमार, पीडी डीआरडीए प्रणय कृष्ण, जिला पंचायत राज अधिकारी प्रदीप कुमार द्विवेदी सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे। बैठक में स्पष्ट किया गया कि ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ का संचालन प्रभावी ढंग से सुनिश्चित किया जाए और किसी भी स्तर पर कमी न रहने पाए।

Share:

Comments

Leave a comment