सहारनपुर में आतिशबाजी सुरक्षा को लेकर हुई अहम बैठक, दुर्घटनाओं की रोकथाम पर जोर

सहारनपुर में आतिशबाजी कार्यस्थलों पर होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सुरक्षा के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में आतिशबाजी निर्माण एवं भंडारण से संबंधित कार्यस्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक की शुरुआत मुख्य बिंदुओं के साथ होती है जिसमें सुरक्षा मानकों का पालन करने और दुर्घटनाओं को रोकने पर विशेष ध्यान दिया गया।
जिलाधिकारी सहारनपुर अरविंद कुमार चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर अभिनंदन की अध्यक्षता में यह बैठक संपन्न हुई। बैठक में नगर मजिस्ट्रेट, समस्त उप जिलाधिकारी, समस्त क्षेत्राधिकारी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, पुलिस एवं प्रशासन सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे। इस दौरान आतिशबाजी कार्यस्थलों पर दुर्घटनाओं की रोकथाम, निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनुपालन तथा संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए किए जाने वाले आवश्यक सुरक्षा उपायों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
अधिकारियों को दिए गए निर्देश के तहत जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आतिशबाजी निर्माण एवं भंडारण स्थलों का नियमित रूप से निरीक्षण एवं सत्यापन किया जाए तथा सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में विशेष रूप से आतिशबाजी कार्यस्थलों पर अग्नि सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता एवं क्रियाशीलता, परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, ज्वलनशील पदार्थों के सुरक्षित रख-रखाव तथा आपात स्थिति में बचाव एवं राहत की तैयारियों की नियमित समीक्षा किए जाने पर जोर दिया गया।
आगामी त्यौहारों के दृष्टिगत संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आतिशबाजी निर्माण, भंडारण एवं उपयोग से जुड़े स्थलों पर सतर्कता एवं निगरानी बढ़ाते हुए आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना को न्यूनतम किया जा सके तथा जनपद में सुरक्षित वातावरण बनाए रखा जा सके। इस खबर का फोटो संलग्न है।