गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर शब्द कीर्तन में पहुंचे एस जयशंकर, बताया एक गहरा आध्यात्मिक अनुभव
विदेश मंत्री एस जयशंकर और पीएम मोदी ने दिल्ली में आयोजित शब्द कीर्तन में हिस्सा लिया और गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को याद किया।

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोमवार को दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू द्वारा आयोजित एक विशेष शब्द कीर्तन में हिस्सा लिया। यह कार्यक्रम सिख धर्म के पहले गुरु, श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था। इस मौके पर एस जयशंकर ने अपनी भावनाएं साझा करते हुए इसे एक बेहद सुकून देने वाला और आध्यात्मिक अनुभव बताया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए विदेश मंत्री ने लिखा कि इस पवित्र अवसर पर शब्द कीर्तन का हिस्सा बनना उनके लिए सौभाग्य की बात थी। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की कालजयी और अनमोल शिक्षाएं आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं और वे हमें शांति, करुणा, सेवा और आपसी सद्भाव के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करती रहती हैं।
पीएम मोदी ने भी किया गुरुओं के आदर्शों को याद
इस कार्यक्रम में केवल विदेश मंत्री ही नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शिरकत की। लोक निवास में आयोजित इस शब्द कीर्तन के दौरान पीएम मोदी ने सिख गुरुओं के योगदान और उनके आदर्शों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत के इतिहास के सबसे कठिन दौर में भी सिख गुरुओं ने देश की रक्षा की भावना को जीवित रखा।
प्रधानमंत्री ने विकसित भारत के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि देश को एक विकसित राष्ट्र बनाने की यात्रा गुरुओं की प्रेरणा और उनके आदर्शों की शक्ति से ही पूरी हो सकती है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सिख परंपराओं और विरासत को सहेजकर रखना हम सभी की जिम्मेदारी है, ताकि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए रोशनी के मार्ग की तरह काम करे।