रोहिणी के पार्कों में अब दिखेंगे प्लास्टिक वेस्ट से बने बेंच, मेयर प्रवेश वाही ने किया उद्घाटन
दिल्ली मेयर प्रवेश वाही ने रोहिणी के पार्कों में सिंगल-यूज़ प्लास्टिक से बनी 25 इको-फ्रेंडली बेंच लगवाई हैं। जानें इस खास पहल के बारे में।

दिल्ली के रोहिणी इलाके के पार्कों में अब आपको एक खास तरह की बेंच नजर आएंगी, जो न केवल टिकाऊ हैं बल्कि पर्यावरण बचाने का संदेश भी दे रही हैं। मेयर प्रवेश वाही ने 6 नवंबर को रोहिणी के विभिन्न पार्कों में सिंगल-यूज़ प्लास्टिक को प्रोसेस करके बनाई गई 25 इको-फ्रेंडली बेंचों का उद्घाटन किया। इस पहल का मकसद शहर में प्लास्टिक कचरे का सही प्रबंधन करना और उसे उपयोगी संसाधनों में बदलना है।
मेयर प्रवेश वाही ने इस प्रोजेक्ट की अहमियत बताते हुए कहा कि सिंगल-यूज़ प्लास्टिक कचरे को उपयोगी उत्पादों में बदलना आज के समय की बड़ी जरूरत है। उन्होंने जोर दिया कि इन बेंचों के जरिए न केवल प्लास्टिक कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निपटारा होगा, बल्कि यह लकड़ी के बेंचों का एक बेहतरीन विकल्प भी बनेगा। इससे पेड़ों की कटाई कम होगी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
कचरे से कंचन: सस्टेनेबिलिटी की ओर बड़ा कदम
यह पूरा प्रोजेक्ट इंडियन पॉल्यूशन कंट्रोल एसोसिएशन (IPCA) और KIA सोशल कॉन्ट्रिब्यूशन के सहयोग से कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) गाइडलाइन्स के तहत लागू किया गया है। ये संस्थाएं सामुदायिक स्तर पर प्लास्टिक कचरे को प्रोसेस करने और पर्यावरण के अनुकूल विकल्पों को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही हैं।
मेयर ने स्पष्ट किया कि दिल्ली नगर निगम (MCD) अब कचरे को बोझ नहीं, बल्कि एक मूल्यवान संसाधन के रूप में देख रहा है। उन्होंने कहा कि निगम शहर को स्वच्छ, हरा-भरा और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस तरह की इनोवेटिव कोशिशों से शहरी स्थिरता (Urban Sustainability) को मजबूती मिलेगी और आम नागरिकों को पार्कों में बैठने के लिए टिकाऊ सुविधाएं मिल सकेंगी।