टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: 'बाहर बैठे लोग रिमोट कंट्रोल से चला रहे देश', रेणुका चौधरी का केंद्र पर हमला

मुंबई के जुहू इलाके में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग की घटना ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने इस मामले को लेकर केंद्र सरकार और देश की खुफिया एजेंसियों पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत की सुरक्षा व्यवस्था इतनी कमजोर हो गई है कि देश के बाहर बैठे लोग रिमोट कंट्रोल के जरिए यहां अपना खेल खेल रहे हैं।
सांसद रेणुका चौधरी ने इस घटना को इंटेलिजेंस की विफलता बताते हुए पूछा कि आखिर टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाया गया और प्रशासन को इसकी भनक तक नहीं लगी? उन्होंने गृह मंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार के पास इन सवालों का कोई जवाब नहीं है। चौधरी ने सरकार की प्राथमिकताओं पर तंज कसते हुए कहा कि जब छात्र, माता-पिता या आम नागरिक लोकतंत्र और न्याय के लिए सवाल पूछते हैं या विरोध करते हैं, तो उन्हें तुरंत गिरफ्तार कर लिया जाता है, लेकिन ऐसी गंभीर घटनाओं पर चुप्पी साधी जाती है।
महाराष्ट्र सरकार का 'जीरो टॉलरेंस' का दावा
दूसरी ओर, महाराष्ट्र के गृह राज्य मंत्री योगेश कदम ने इस घटना की कड़ी निंदा की है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट कर दिया है कि मुंबई और पूरे महाराष्ट्र में गुंडागर्दी के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने मुंबई पुलिस की पेशेवर क्षमता पर भरोसा जताते हुए कहा कि पुलिस ने पहले भी बड़े गैंगस्टरों का सफाया किया है और इस मामले में भी अपराधी जल्द पकड़े जाएंगे।
घटना के विवरण की बात करें तो एक चश्मदीद ने बताया कि रविवार शाम करीब 7 बजे जब टाइगर श्रॉफ जुहू के एक फुटबॉल क्लब से निकल रहे थे, तभी दो हमलावरों ने उनकी कार पर गोलियां चलाईं। चश्मदीद के मुताबिक, हमलावर मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। इस हमले में टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बच गए, लेकिन उनके ड्राइवर को गोली लगी, जिसे टाइगर ने खुद अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपियों को पकड़ने के लिए पुणे-जयपुर एक्सप्रेस और अन्य एग्जिट पॉइंट्स पर घेराबंदी की गई। शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि आरोपियों में से एक व्यक्ति रैपिडो राइडर है। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि इस साजिश के पीछे के असली चेहरों का पर्दाफाश किया जा सके।