R|Elan Circular Design Challenge: Margn ने जीता खिताब, सस्टेनेबल फैशन में मारी बाजी

फैशन की दुनिया में अब सिर्फ स्टाइल ही नहीं, बल्कि पर्यावरण की सुरक्षा भी अहम हो गई है। इसी दिशा में कदम बढ़ाते हुए R|Elan Circular Design Challenge (CDC) के आठवें संस्करण का आयोजन किया गया, जहां रचनात्मकता और सस्टेनेबिलिटी का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में सौरभ मौर्या द्वारा स्थापित ब्रांड 'Margn' विजेता बनकर उभरा, जबकि अनिल पाडिया के ब्रांड 'Yoshita 1967' को रनर-अप के तौर पर चुना गया।
यह इवेंट इस बात का प्रमाण था कि कैसे बेकार समझकर फेंकी गई चीजों और पारंपरिक शिल्प कौशल के जरिए फैशन के भविष्य को बदला जा सकता है। विजेता ब्रांड Margn ने हिमालयी क्षेत्र की शिल्प कला और रिक्लेम्ड मटेरियल (पुन: प्राप्त सामग्री) के इस्तेमाल पर जोर दिया। ब्रांड के संस्थापक सौरभ मौर्या ने बताया कि पिछले पांच सालों से वे एक ऐसा इकोसिस्टम तैयार कर रहे हैं, जो हिमालयी क्षेत्र के समुदायों को सहारा दे सके। उनके काम के मुख्य आधार शिल्प, उपयोगिता और प्रतीकात्मकता हैं।
ग्लोबल प्लेटफॉर्म बना यह चैलेंज
इस प्रतियोगिता की खास बात यह रही कि इसमें दुनिया भर के डिजाइनरों ने हिस्सा लिया। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के पॉलिस्टर सेगमेंट के प्रेसिडेंट हेमंत शर्मा ने बताया कि 2026 के इस संस्करण के लिए 15 से अधिक देशों से करीब 220 आवेदन मिले, जो अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। उन्होंने कहा कि CDC का मुख्य उद्देश्य युवा उद्यमियों को एक ऐसा मंच देना है, जहां वे फैशन इंडस्ट्री में सस्टेनेबिलिटी लाने के लिए नए समाधान खोज सकें। 2018 में शुरू हुए इस सफर में अब तक करीब 1,500 आवेदन आ चुके हैं और 40 प्रतिभागी फाइनल तक पहुंचे हैं।
इस इवेंट के दौरान रैंप पर ऐसे आउटफिट्स पेश किए गए, जिनमें रंगीन रिक्लेम्ड मटेरियल और आधुनिक डिजाइनों का इस्तेमाल किया गया था। प्रतियोगिता के अन्य फाइनलिस्ट्स में शामिल थे:
- Botto Labs (नित्या अमरनाथ): जो प्लास्टिक के बजाय बायो-सीक्विन विकसित कर रहे हैं।
- सलोनी झावेरी: जो बेकार कपड़ों को नए डिजाइनों में बदलती हैं।
- Duja (उस्तात खरबंदा): जो उपभोक्ता कचरे से अनोखे कपड़े तैयार करते हैं।
- अंतरराष्ट्रीय स्तर पर: ब्रिटेन से RWRK स्टूडियो और एशिया पैसिफिक क्षेत्र से BYO ने अपनी जगह बनाई।
इस भव्य फिनाले का आयोजन फ्रांस दूतावास में 'लक्मे फैशन वीक x FDCI' के दौरान किया गया। यह आयोजन फ्रांस दूतावास, भारत में संयुक्त राष्ट्र और लक्मे फैशन वीक के सहयोग से हुआ, जो भारत और फ्रांस के बीच नवाचार और टिकाऊ डिजाइन के प्रति साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।