लाल किला के पास MCD की फर्जी रसीदें बांटकर वसूल रहा था पार्किंग फीस, आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने लाल किला के पास MCD की फर्जी रसीदों से पार्किंग फीस वसूलने वाले एक शख्स को गिरफ्तार किया है।

दिल्ली के लाल किला इलाके में पर्यटकों और स्थानीय लोगों को ठगने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। कोतवाली थाने की लाल किला पुलिस चौकी की टीम ने एक ऐसे व्यक्ति को दबोचा है, जो दिल्ली नगर निगम (MCD) के नाम वाली फर्जी पार्किंग रसीदें काटकर लोगों से अवैध वसूली कर रहा था। यह पूरी कार्रवाई ऊपरी सुभाष मार्ग स्थित मेट्रो गेट नंबर 2 के पास की गई।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बिना किसी अधिकार के MCD की रसीदें बांट रहा है और वाहन चालकों से पैसे ले रहा है। इस सूचना पर जब पुलिस टीम सुबह करीब 10:40 बजे मौके पर पहुंची, तो उन्होंने देखा कि एक शख्स मोटर साइकिल और कारों को पार्क करने का इशारा कर रहा था। पुलिस को देखते ही उसने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद जवानों ने उसे धर दबोचा। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान शास्त्री पार्क निवासी 40 वर्षीय मोहम्मद नौशाद के रूप में हुई है।
लाइसेंस रद्द होने के बाद भी कर रहा था वसूली
तलाशी के दौरान पुलिस को उसके पास से 1,300 रुपये नकद और 100 पार्किंग रसीदों वाली एक बुकलेट मिली, जिस पर "MCD AUTH. SCT./BIKE PARKING" लिखा था। जांच में पता चला कि इनमें से 18 रसीदें पहले ही काटी जा चुकी थीं। पूछताछ के दौरान एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ; आरोपी को वास्तव में MCD ने तीन साल के लिए पार्किंग लाइसेंस दिया था, लेकिन बकाया राशि का भुगतान न करने के कारण अगस्त 2026 में उसका लाइसेंस रद्द कर दिया गया था।
लाइसेंस रद्द होने के बावजूद नौशाद अवैध तरीके से पार्किंग का काम जारी रखे हुए था और लोगों को गुमराह कर रहा था। जब पुलिस ने उससे वर्तमान लाइसेंस या अनुमति पत्र मांगा, तो वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इस मामले में कोतवाली पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 318(4) और 319(2) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है और आगे की जांच जारी है।