दिलजीत दोसांझ कॉन्सर्ट के लिए लड़कियों की भर्ती का आरोप, रामानुजन कॉलेज ने छात्र को किया सस्पेंड
दिल्ली यूनिवर्सिटी के रामानुजन कॉलेज ने एक छात्र को सस्पेंड किया है, जिस पर कॉन्सर्ट के लिए लड़कियों की भर्ती करने का आरोप है।

दिल्ली यूनिवर्सिटी के रामानुजन कॉलेज में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। कॉलेज प्रशासन ने बीए (ऑनर्स) हिंदी तृतीय वर्ष के छात्र अनस खान को सस्पेंड कर दिया है। छात्र पर आरोप है कि वह अहमदाबाद में होने वाले दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के लिए यूनिवर्सिटी की छात्राओं को 'NRI क्लाइंट्स' के साथ भेजने के लिए भर्ती कर रहा था।
पूरा मामला व्हाट्सएप मैसेज के जरिए सामने आया। आरोप है कि अनस खान ने ऐसे मैसेज फैलाए जिसमें 17 से 18 साल की फ्रेशर्स लड़कियों को टारगेट किया गया था। इन मैसेज में लड़कियों को 10,000 से 30,000 रुपये तक के भुगतान, वीआईपी या वीवीआईपी कॉन्सर्ट एक्सेस और यात्रा के इंतजाम का लालच दिया गया था। मैसेज में यह भी शर्त रखी गई थी कि उम्मीदवार 'सुंदर' होने चाहिए और उनकी 'पर्सनैलिटी' आकर्षक होनी चाहिए।
ABVP ने उठाया मुद्दा, NSUI ने झाड़ा पल्ला
इस गंभीर मामले को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने कॉलेज प्रशासन के सामने उठाया। ABVP ने इसे मानव तस्करी (Human Trafficking) की आशंका से जोड़ते हुए एक पारदर्शी और समयबद्ध जांच की मांग की। वहीं, ABVP ने अनस खान को NSUI का पदाधिकारी बताया, लेकिन NSUI ने तुरंत इस छात्र से अपना नाता तोड़ लिया। NSUI का कहना है कि अनस को सितंबर 2026 में ही अनुशासनहीनता और संगठन विरोधी गतिविधियों के कारण निष्कासित किया जा चुका था।
कॉलेज प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 नवंबर, 2026 को अनस खान के खिलाफ निलंबन आदेश जारी किया, जो 1 फरवरी, 2027 तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान वह कॉलेज की किसी भी नियमित शैक्षणिक या पाठ्येतर गतिविधि में हिस्सा नहीं ले सकेगा। हालांकि, उसे यूनिवर्सिटी की परीक्षाओं में बैठने की अनुमति दी गई है। इंटरनल असेसमेंट के लिए वह केवल प्रॉक्टर की लिखित अनुमति के बाद ही कैंपस आ सकता है।
फिलहाल यह पूरा मामला यूनिवर्सिटी की प्रॉक्टोरियल कमेटी की जांच के अधीन है। अब तक इस मामले में कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं कराया गया है, लेकिन कॉलेज ने छात्र से भविष्य के व्यवहार को लेकर लिखित वचन पत्र मांगा है।