इंडिया गठबंधन की बैठक: सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब पहुंचे

नई दिल्ली में बुधवार को विपक्षी इंडिया गठबंधन की समन्वय बैठक का आयोजन किया गया है। इस महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोनिया गांधी नई दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब पहुंचे। इस बैठक में इंडिया गठबंधन के कई दलों के नेता हिस्सा ले रहे हैं। इस बैठक का मुख्य फोकस स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन और चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करना है। विपक्षी नेता एसआईआर प्रक्रिया और अन्य मामलों पर विचार-विमर्श कर रहे हैं।
यह बैठक कांग्रेस कार्य समिति द्वारा एसआईआर और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर चर्चा करने के ठीक एक दिन बाद हो रही है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने चुनावी प्रक्रिया पर चिंता जताई थी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की आलोचना की थी। इस बैठक में समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधित्व सांसद हरेंद्र मलिक और मौलाना मोहिबुल्लाह नदवी कर रहे हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव इस बैठक में शामिल नहीं हो पाए क्योंकि पार्टी लखनऊ में किसानों के सम्मेलन और राज्यसभा नामांकन प्रक्रिया में व्यस्त है।
भाकपा सांसद पी संतोष ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर विपक्षी दलों की चिंताओं के सच साबित होने का दावा किया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। पी संतोष ने कहा कि चुनाव आयुक्तों ने खुद स्वीकार किया है कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में गड़बड़ी और सेंधमारी के प्रयास हुए हैं। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा ही एकमात्र रास्ता है और विपक्षी दल इस बैठक में आगे की कार्ययोजना तैयार करेंगे।