जंतर मंतर पर महिला पत्रकार से बदसलूकी का आरोप, राहुल गांधी ने पूछा- अमित शाह जी, आप कहां हैं?

देश की राजधानी दिल्ली के जंतर मंतर पर एक महिला पत्रकार के साथ बदसलूकी का मामला गरमा गया है। इस घटना को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने दिल्ली पुलिस और केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। राहुल गांधी ने गृह मंत्री अमित शाह को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराते हुए उनसे इस पूरे मामले पर जवाब मांगा है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए लिखा कि एक महिला पत्रकार ने पुलिस अधिकारी पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सैकड़ों पत्रकार घंटों से वहां इस मांग को लेकर बैठे हैं कि मामले में एफआईआर (FIR) दर्ज की जाए, लेकिन पुलिस ने अपनी बुनियादी जिम्मेदारी तक पूरी नहीं की है।
प्रदर्शनकारियों के साथ भी दुर्व्यवहार के आरोप
सिर्फ पत्रकार ही नहीं, राहुल गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि शनिवार को जंतर मंतर से सैकड़ों लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनमें महिला प्रदर्शनकारी भी शामिल थीं। उन्होंने दावा किया कि महिलाओं के साथ बदसलूकी की गई, पत्रकारों के कैमरे छीने गए और उन्हें घसीटा गया। राहुल गांधी ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं के साथ ऐसा व्यवहार किया हो, और इसके वीडियो सबूत पहले भी सामने आ चुके हैं।
उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि दिल्ली की महिलाएं और छात्र अपनी सुरक्षा को लेकर डरे हुए हैं और सत्याग्रह कर रहे हैं, लेकिन जिन पुलिसकर्मियों को उनकी रक्षा करनी चाहिए, वही उन पर हाथ उठा रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि जो सरकार एक महिला की शिकायत दर्ज करने से डरती है, वह आखिर किसकी रक्षा कर रही है?
बता दें कि यह पूरा विवाद ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के उस विरोध प्रदर्शन के दौरान शुरू हुआ, जो मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ था। इस प्रदर्शन के दौरान प्रशांत भूषण और कपिल सिब्बल जैसे वरिष्ठ वकील भी शामिल थे, जिन्होंने पुलिस बैरिकेड्स तोड़ने की कोशिश की थी। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने 2 अक्टूबर को हुए विरोध प्रदर्शनों के संबंध में संसद मार्ग और कनॉट प्लेस पुलिस स्टेशनों में तीन एफआईआर दर्ज की हैं।
राहुल गांधी ने अंत में गृह मंत्रालय की जवाबदेही तय करते हुए पूछा, "दिल्ली पुलिस गृह मंत्रालय के अधीन आती है। अमित शाह जी, आप कहां हैं? आपको इसका जवाब देना होगा।"