'यह तो बस शुरुआत है', राहुल गांधी ने लॉन्च किया 'सत्याग्रह' पोर्टल, 10 हजार लोगों ने बयां किया दर्द

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने देश भर में अन्याय के खिलाफ लड़ रहे आम नागरिकों को एक बड़ा मंच देने के लिए 'सत्याग्रह' नाम से एक डिजिटल प्लेटफॉर्म की शुरुआत की है। इस पहल का मकसद उन लोगों की आवाज को बुलंद करना है जो व्यवस्था की खामियों और भ्रष्टाचार से जूझ रहे हैं, लेकिन जिन्हें लगता है कि उनकी बात सुनने वाला कोई नहीं है। इस पोर्टल के लाइव होते ही लोगों में जबरदस्त उत्साह देखा गया और महज 9 घंटों के भीतर 10,000 से ज्यादा लोगों और समूहों ने अपनी आपबीती साझा की।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस अभियान की जानकारी देते हुए लिखा कि इतनी बड़ी संख्या में आवेदनों का आना यह दर्शाता है कि भारत में कितने लोग चुपचाप अपनी लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हर एक आवेदन को पढ़ा जाएगा और जो भी वास्तविक संघर्ष होगा, उसे हल करने के लिए आवाज उठाई जाएगी।
शिक्षा से लेकर महिला सुरक्षा तक, हर मुद्दे पर मिल रही शिकायतें
राहुल गांधी के मुताबिक, पोर्टल पर अब तक शिक्षा, भ्रष्टाचार, सामाजिक न्याय, किसानों की समस्याएं, मजदूर वर्ग, स्वास्थ्य सेवाओं, महिला सुरक्षा और पर्यावरण जैसे गंभीर विषयों पर कहानियां सामने आई हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कोई एक दिन का अभियान नहीं है, बल्कि यह कई सालों तक चलने वाला एक मिशन है जो हर छोटे-बड़े आंदोलन के साथ खड़ा रहेगा।
इस डिजिटल प्लेटफॉर्म की खासियत यह है कि यहाँ लोग न केवल अपनी समस्या दर्ज कर सकते हैं, बल्कि एक इंटरैक्टिव मैप के जरिए देश के अन्य हिस्सों में चल रहे इसी तरह के आंदोलनों को भी खोज सकते हैं और उनसे जुड़ सकते हैं।
महात्मा गांधी के दर्शन का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि सत्य और एकता सबसे बड़े हथियार हैं। उन्होंने कहा, "अक्सर अकेले उठने वाली आवाज को दबा दिया जाता है, इसलिए 'सत्याग्रह' इन तमाम बिखरी हुई आवाजों को एक साथ लाने की कोशिश है।" उन्होंने युवाओं, छात्रों, आदिवासियों, दलितों और महिलाओं से अपील की है कि वे अन्याय के खिलाफ अपनी कहानी साझा करें ताकि उन्हें जरूरी समर्थन मिल सके।
राहुल गांधी ने अंत में कहा कि उनकी टीम हर आवेदन की बारीकी से जांच करेगी और जहां जरूरत होगी, वहां लोगों से संपर्क कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संविधान की रक्षा के लिए आवाज उठाने वाले लोगों का आभार व्यक्त किया और दूसरों को भी इस मुहिम से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।