नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार पर चुनाव में मैच-फिक्सिंग करने का गंभीर आरोप लगाया है। यह बयान एक मीडिया रिपोर्ट के आधार पर सामने आया है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक मलयालम समाचार चैनल की रिपोर्ट का हवाला देते हुए यह बात कही। कांग्रेस की केरल इकाई ने भी इस रिपोर्ट को साझा करते हुए सीईसी पर सवाल उठाए हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, केरल के पूर्व मुख्य सचिव जिजी थॉमसन ने दावा किया है कि साल 2016 में जब ज्ञानेश कुमार सेवा में थे, तब उन्होंने थॉमसन से संपर्क किया था।
थॉमसन के मुताबिक, उन्हें भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने और मंत्री पद का प्रस्ताव दिया गया था। राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा कि पहले ज्ञानेश कुमार का इस्तेमाल भाजपा के लिए भर्ती करने के लिए किया गया और बाद में उन्हें मैच-फिक्सिंग की जिम्मेदारी दी गई। इस संबंध में मूल जानकारी
इस लिंक पर देखी जा सकती है।
इस बीच, चुनाव आयोग (ईसीआई) ने अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से जुड़े सभी फैसले आयोग की सर्वसम्मति से लिए गए थे।
आयोग ने स्पष्ट किया कि कैबिनेट सचिव को भेजा गया पत्र प्रतिनियुक्ति पर मौजूद एक अधिकारी के कामकाज से जुड़ा था, न कि किसी नीतिगत मामले से। चुनाव आयोग ने यह भी बताया कि एसआईआर का पूरा शेड्यूल और अन्य सभी फैसले पूरी तरह से नियमों के तहत और सर्वसम्मति से मंजूर किए गए थे।