पंजाबी बाग प्रदूषण हॉटस्पॉट का निरीक्षण, रेल साइडिंग यार्ड में एंट्री प्रतिबंधित
नोडल सचिव रूपेश कुमार ठाकुर ने पंजाबी बाग में प्रदूषण हॉटस्पॉट का निरीक्षण किया और रेल साइडिंग यार्ड में एंट्री प्रतिबंधित करने के निर्देश दिए।

दिल्ली में गिरती वायु गुणवत्ता के बीच प्रशासन अब एक्शन मोड में नजर आ रहा है। पश्चिम दिल्ली के नोडल सचिव रूपेश कुमार ठाकुर ने गुरुवार को पंजाबी बाग स्थित प्रदूषण हॉटस्पॉट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरे का मुख्य मकसद इलाके में प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए उठाए गए कदमों की समीक्षा करना और यह देखना था कि पिछले आदेशों का पालन कितना हुआ है।
निरीक्षण के दौरान नोडल सचिव ने विशेष रूप से रेलवे सीमेंट साइडिंग यार्ड की स्थिति जांची। आपको बता दें कि 28 अक्टूबर को हुए पिछले निरीक्षण के दौरान धूल प्रदूषण को रोकने के लिए इस यार्ड को सील करने जैसे सख्त निर्देश दिए गए थे। गुरुवार के फॉलो-अप विजिट में यह पाया गया कि रेलवे प्रशासन ने यार्ड में बैरिकेड्स लगा दिए हैं, जिससे वहां प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित हो गया है। साथ ही, अनधिकृत गतिविधियों को रोकने के लिए रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) की तैनाती भी की गई है। नोडल सचिव ने इन कदमों को धूल प्रदूषण कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
विभिन्न विभागों के साथ की समीक्षा बैठक
पंजाबी बाग के अलावा, रूपेश कुमार ठाकुर ने इलाके के कई अन्य हॉटस्पॉट्स का भी दौरा किया। उन्होंने सड़क की धूल, वाहनों से होने वाले उत्सर्जन, निर्माण और विध्वंस (C&D) गतिविधियों और कचरे के ढेर जैसे प्रदूषण के स्रोतों की बारीकी से जांच की। इसके बाद एमसीडी (MCD) के वेस्ट जोन कार्यालय में एक विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
इस बैठक में एमसीडी वेस्ट जोन के डिप्टी कमिश्नर कर्नल विनोद अत्री और असिस्टेंट कमिश्नर स्वप्निल सिंह ठाकुर सहित दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति और दिल्ली जल बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। नोडल सचिव ने सभी संबंधित विभागों को सख्त निर्देश दिए कि वे आपसी तालमेल बढ़ाएं और प्रदूषण के स्रोतों की नियमित निगरानी करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रदूषण सीजन के दौरान हवा की गुणवत्ता तेजी से गिर रही है, इसलिए किसी भी लापरवाही की गुंजाइश नहीं है और जहां जरूरत हो, वहां तुरंत सुधारात्मक कार्रवाई की जाए।