पंजाब एंड सिंध बैंक (पीएसबी) और एमिटी विश्वविद्यालय के सहयोग से आयोजित ‘पीएसबी हैकाथॉन सीरीज-2026, सुरक्षा मंथन’ का शुक्रवार को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ समापन हुआ। 16 मार्च से 21 अगस्त तक आयोजित इस हैकाथॉन में विद्यार्थियों ने AI आधारित साइबर सुरक्षा और वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के समाधान विकसित किए। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को बैंकिंग क्षेत्र की चुनौतियों के लिए तकनीकी समाधान तैयार करने का मंच देना था।
हैकाथॉन का विषय ‘सिक्योर वेल्थ ट्विन-इंटेलिजेंट वेल्थ ग्रोथ विद बिल्ट-इन फ्रॉड प्रोटेक्शन’ था। इसके तहत विद्यार्थियों को ऐसा AI आधारित डिजिटल वेल्थ इंटेलिजेंस सिस्टम विकसित करने की चुनौती दी गई, जो वित्तीय गतिविधियों में साइबर सुरक्षा और धोखाधड़ी से बचाव की प्रभावी परत उपलब्ध करा सके।
समापन समारोह में पंजाब एंड सिंध बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्वरूप कुमार साहा, सरकारी नामित निदेशक जितेंद्र असाटी और एमिटी विश्वविद्यालय की वाइस चांसलर प्रो. (डॉ.) बलविंदर शुक्ला ने विजेताओं को सम्मानित किया। विजेता टीम को पांच लाख, द्वितीय विजेता को तीन लाख और तृतीय विजेता को दो लाख रुपये का नकद पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त, भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र दिए गए।
इस अवसर पर बैंक अधिकारियों और एमिटी विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों ने डिजिटल बैंकिंग के बढ़ते दौर में साइबर सुरक्षा, AI आधारित नवाचार और ग्राहक-केंद्रित तकनीकी समाधानों की आवश्यकता पर जोर दिया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से वास्तविक जीवन की चुनौतियों के समाधान के लिए तकनीक और नवाचार का उपयोग करने का आह्वान किया।