बड़ी राजनीतिक हलचल: प्रियंका कक्कड़ और पूर्व MLA श्याम सुंदर शर्मा कांग्रेस में शामिल

दिल्ली की राजनीति में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। आम आदमी पार्टी (AAP) की पूर्व नेता और सुप्रीम कोर्ट की वरिष्ठ अधिवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने शनिवार को कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया। उनके साथ उत्तर प्रदेश के पूर्व विधायक श्याम सुंदर शर्मा और अनुभवी पत्रकार रजत राकेश टंडन ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इन नए सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इन नेताओं का स्वागत किया गया, जहां कांग्रेस के महासचिव ने बताया कि ये तीनों व्यक्तित्व अपनी विचारधारा और विश्वास के कारण पार्टी से जुड़े हैं। कांग्रेस ने इसे एक बड़े संकेत के रूप में देखा है कि लद्दाख से कन्याकुमारी तक लोग मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के नेतृत्व पर भरोसा जता रहे हैं।
राहुल गांधी के नेतृत्व और दिल्ली के भविष्य पर जताया भरोसा
पार्टी में शामिल होने के बाद प्रियंका कक्कड़ ने अपनी बात रखते हुए कहा कि राजनीति में एक दशक से अधिक के अनुभव के बाद उन्हें यह महसूस हुआ कि केवल कांग्रेस ही दिल्ली को फिर से स्वच्छ, हरा-भरा और सुरक्षित बना सकती है। उन्होंने कहा, "मैं उस दिल्ली को वापस चाहती हूं जिसमें मैं पली-बढ़ी हूं। राहुल गांधी एक प्रामाणिक और जुझारू नेता हैं, जिनके साथ मिलकर हम बीजेपी की प्रतिगामी राजनीति को हरा सकते हैं।"
वहीं, पत्रकार रजत राकेश टंडन ने अपने पारिवारिक जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि उनके परिवार का कांग्रेस के साथ पुराना रिश्ता रहा है। उन्होंने राहुल गांधी की सराहना करते हुए कहा कि देश का युवा परेशान है और केवल राहुल गांधी ही हैं जिन्होंने युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाया है।
पूर्व विधायक श्याम सुंदर शर्मा ने भी कांग्रेस की विचारधारा की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि जहां अन्य पार्टियां जातिवाद और सांप्रदायिकता की बात करती हैं, वहीं कांग्रेस और राहुल गांधी हमेशा मानवतावाद (Humanism) के प्रति समर्पित रहे हैं। उनके अनुसार, राजनीति का असली मतलब कड़ी मेहनत और प्रतिबद्धता है, जो उन्हें केवल कांग्रेस में नजर आई।