दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में एक 17 साल की नाबालिग लड़की के साथ कथित सामूहिक बलात्कार और हत्या की घटना सामने आई है, जिस पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने गहरी चिंता जताई है। प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि दिल्ली में क्रूरता की सारी हदें पार कर दी गईं और कई मामलों में तो एफआईआर भी दर्ज नहीं होती है। उन्होंने कहा कि देश में महिला सुरक्षा की जिम्मेदारी कोई लेने को तैयार नहीं है। यह मामला 13 सितंबर की सुबह तब सामने आया जब पुलिस को स्वरूप नगर में कुशक रोड के पास एक खाली मैदान में शव मिलने की सूचना मिली।
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में तीन नाबालिगों समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 50 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने और एक संदिग्ध टेम्पो का पता लगाने के बाद इस मामले को सुलझाया।
मुख्य वयस्क आरोपी की पहचान शिवम उर्फ सुदामा उर्फ चुचू के रूप में हुई है, जबकि तीनों नाबालिगों की उम्र 16 और 17 वर्ष है। पुलिस के अनुसार स्वरूप नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर संख्या 380/2026 दर्ज की गई है।
राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने इस घटना का स्वतः संज्ञान लिया है। एनसीडब्ल्यू की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर समयबद्ध जांच, कठोर अभियोजन और फोरेंसिक साक्ष्य सुरक्षित रखने की मांग की है।
आयोग ने पीड़ित परिवार को सुरक्षा, कानूनी सहायता, परामर्श और मुआवजा देने के साथ सात दिन के भीतर एक्शन टेकन रिपोर्ट मांगी है।