प्रवेश साहिब सिंह थप्पड़ विवाद: आप ने एफआईआर की मांग को लेकर किया प्रदर्शन, मंत्री ने लगाया आरोप

दिल्ली में सड़क निरीक्षण के दौरान पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा द्वारा एक स्थानीय युवक को कथित तौर पर थप्पड़ मारने का वीडियो सामने आने के बाद राजधानी में बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। आम आदमी पार्टी (आप) ने इस कथित घटना के खिलाफ तिलक नगर में प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा एफआईआर दर्ज करने की मांग की। आप नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस जल्द कार्रवाई नहीं करती है तो वे डीसीपी कार्यालय के बाहर धरना देंगे।
पीड़ित युवक साहिब, जो आप विधायक जरनैल सिंह के सोशल मीडिया का काम संभालता है, ने आरोप लगाया कि खराब सड़क निर्माण की पोल खोलने पर मंत्री ने उसे थप्पड़ मारा और उनके साथियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। साहिब ने दावा किया कि यह सब पुलिस की मौजूदगी में हुआ। इस बीच, दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया कि पीड़ित साहिब सिंह के खिलाफ एमसीडी कर्मचारी पर हमले का पुराना आपराधिक मामला पहले से ही दर्ज है और वह जमानत पर बाहर हैं।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर इस वायरल वीडियो को साझा करते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा और इसे सत्ता का अहंकार बताया। कांग्रेस नेता उदित राज ने भी दिल्ली की सड़कों में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उधर, मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने पलटवार करते हुए दावा किया कि आप कार्यकर्ताओं और विधायक के समर्थकों ने उनके परिवार को गालियां दीं और सड़क परियोजना में कमीशन मांगने का प्रयास किया। भाजपा नेताआरपी सिंह ने भी कहा कि आप कार्यकर्ताओं ने अनुचित व्यवहार किया जिस वजह से यह स्थिति बनी।