ग्रेटर नोएडा PNB घोटाला: बैंक ने दिया भरोसा, ग्राहकों को लौटाए जाएंगे डूबे पैसे
ग्रेटर नोएडा के ऐछर PNB ब्रांच में करोड़ों का घोटाला हुआ है। बैंक ने भरोसा दिया है कि सभी प्रभावित ग्राहकों के पैसे वापस मिलेंगे।

ग्रेटर नोएडा के ऐछर स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की शाखा में हुए बड़े फंड घोटाले से सहमे ग्राहकों के लिए राहत की खबर आई है। बैंक ने आधिकारिक तौर पर यह आश्वासन दिया है कि इस धोखाधड़ी से प्रभावित सभी वास्तविक दावेदारों को उनका पैसा वापस दिया जाएगा। इस मामले में 350 से ज्यादा खाताधारक पीड़ित हैं, जिनमें बड़ी संख्या उन किसानों की है जिन्होंने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रोजेक्ट के लिए अपनी जमीन के बदले मिले मुआवजे की रकम बैंक में जमा की थी।
करोड़ों की धोखाधड़ी और CBI की एंट्री
शुरुआत में इस घोटाले का आंकड़ा 10 करोड़ रुपये से कम बताया जा रहा था, लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, यह राशि चौंकाने वाली निकली। स्थानीय रिपोर्ट्स के मुताबिक, गबन की यह राशि 200 करोड़ रुपये से भी अधिक हो सकती है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने इसकी कमान संभाल ली है।
पीड़ितों में से एक श्रीचंद ने आरोप लगाया है कि उनकी फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) से 1.16 करोड़ रुपये हड़प लिए गए। इस पूरे मामले में सेक्टर बीटा 2 पुलिस स्टेशन में अज्ञात बैंक कर्मचारियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(5) के तहत आपराधिक विश्वासघात का मामला दर्ज किया गया है।
बैंक ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए ऐछर शाखा के मैनेजर सहित सभी कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। पीएनबी के मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि वित्तीय अनियमितताओं के प्रति उनकी 'जीरो टॉलरेंस' नीति है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आंतरिक नियंत्रण मजबूत किए जा रहे हैं।
राहत की बात यह है कि जिला लीड बैंक मैनेजर के अनुसार, जिन खातों में पैसा ट्रांसफर किया गया था, उन्हें फ्रीज कर दिया गया है और वह राशि ग्राहकों को लौटाई जाएगी। बैंक ने अब तक तीन दावों के तहत 43 लाख रुपये का भुगतान कर दिया है और बाकी शिकायतों का निपटारा प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।