ग्रेटर नोएडा PNB शाखा में वित्तीय गड़बड़ी: बैंक ने शुरू की जांच, 43 लाख रुपये चुकाए
पंजाब नेशनल बैंक की ग्रेटर नोएडा शाखा में डिपॉजिट खातों में गड़बड़ी की शिकायत। बैंक ने शुरू की जांच, 43 लाख के दावे चुकाए।

ग्रेटर नोएडा स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की एक शाखा इन दिनों विवादों में है। बैंक को अपनी इस ब्रांच में कुछ फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) और सेविंग्स अकाउंट्स में वित्तीय अनियमितताओं की शिकायतें मिली हैं। मामला गंभीर होते ही बैंक ने एक्शन लिया है और इस पूरे प्रकरण की प्राथमिकता के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
बैंक ने स्पष्ट किया है कि वह तथ्यों की पुष्टि करने और गड़बड़ियों की पूरी सीमा का पता लगाने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ पूरी तरह सहयोग कर रहा है। इस मामले में अब तक की कार्रवाई की बात करते हुए बैंक ने बताया कि कल तक कुल 43 लाख रुपये के तीन दावों (claims) का निपटारा कर दिया गया है।
धोखाधड़ी पर जीरो टॉलरेंस की नीति
पंजाब नेशनल बैंक ने अपने ग्राहकों को भरोसा दिलाया है कि सभी वैध दावों का भुगतान किया जाएगा। बैंक ने कड़े शब्दों में कहा है कि धोखाधड़ी, कदाचार और वित्तीय अनियमितताओं के खिलाफ उसकी 'जीरो टॉलरेंस' नीति है। बैंक प्रबंधन ने साफ किया है कि जो भी व्यक्ति इस गड़बड़ी के लिए जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमों और प्रक्रियाओं के तहत सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए PNB अब अपने आंतरिक निगरानी तंत्र और नियंत्रण प्रणालियों को और अधिक मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है, ताकि ग्राहकों के हितों की रक्षा की जा सके और बैंक की परिचालन अखंडता बनी रहे।