पीएम मोदी और स्विट्जरलैंड राष्ट्रपति गाइ पारमेलिन की दिल्ली में अहम बैठक, व्यापारिक रिश्तों पर जोर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ पारमेलिन ने सोमवार को नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल बैठक की। इस मुलाकात का मुख्य उद्देश्य भारत और स्विट्जरलैंड के बीच व्यापार, निवेश और तकनीकी सहयोग को नई ऊंचाइयों पर ले जाना है। राष्ट्रपति पारमेलिन अपनी तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर भारत पहुंचे हैं, जहां दोनों देशों के बीच आर्थिक साझेदारी को और मजबूत करने पर चर्चा हुई।
अपनी यात्रा की शुरुआत में राष्ट्रपति गाइ पारमेलिन ने अपनी पत्नी कैरोलिन पारमेलिन के साथ राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद राष्ट्रपति भवन के अग्रभाग में उनका औपचारिक स्वागत किया गया, जहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री मोदी ने उनका अभिनंदन किया। इस दौरान विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति से मुलाकात की और भारत-EFTA व्यापार और आर्थिक साझेदारी समझौते (TEPA) की संभावनाओं पर चर्चा की।
व्यापार और आर्थिक साझेदारी पर फोकस
राष्ट्रपति गाइ पारमेलिन ने अपनी इस यात्रा को दोनों देशों के बीच पुराने और गहरे रिश्तों को और मजबूत करने के लिए एक "stepping stone" यानी मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि भारत और स्विट्जरलैंड के संबंध लोकतांत्रिक मूल्यों, विश्वास और आपसी सम्मान पर आधारित हैं। उन्होंने विशेष रूप से इंडिया-EFTA TEPA समझौते के लागू होने की पहली वर्षगांठ का जिक्र किया, जो भारत और चार यूरोपीय देशों (आइसलैंड, लिकटेंस्टीन, नॉर्वे और स्विट्जरलैंड) के बीच एक व्यापक मुक्त व्यापार समझौता है।
इस यात्रा के दौरान राष्ट्रपति पारमेलिन के साथ वरिष्ठ अधिकारियों और कॉर्पोरेट दिग्गजों का एक बड़ा दल भी भारत आया है। उनकी इस यात्रा का मुख्य केंद्र वाणिज्य, निवेश, वैज्ञानिक प्रगति, तकनीकी नवाचार और वर्कफोर्स मोबिलिटी को बढ़ावा देना है। गौरतलब है कि EFTA सदस्य देशों में स्विट्जरलैंड भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक और निवेश भागीदार है।
अपनी यात्रा के दौरान राष्ट्रपति पारमेलिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा आयोजित एक औपचारिक भोज में भी शामिल होंगे। साथ ही, वे 7 अक्टूबर को दूसरे इंडिया-EFTA प्रॉस्पेरिटी समिट में भी हिस्सा लेंगे, जो TEPA के कार्यान्वयन की पहली वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है।