'मां दुर्गा का आशीर्वाद समाज में लाए सुख और शांति', पीएम मोदी ने दी 'शुभ महालया' की शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को महालया के पावन अवसर पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मां दुर्गा से प्रार्थना की कि उनकी कृपा से समाज में खुशी, करुणा और आशा का संचार हो। पीएम मोदी ने कामना की कि मां का आशीर्वाद चारों ओर शांति और समृद्धि लेकर आए।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने लिखा, "शुभ महालया! हम मां दुर्गा का आशीर्वाद चाहते हैं। यह आशीर्वाद हमारे समाज को सुख, सहमर्मिता और आशा से भर दे। चारों ओर शांति और समृद्धि का वास हो।"
केंद्रीय मंत्रियों और दिग्गजों ने भी दी बधाई
प्रधानमंत्री के साथ-साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी इस पवित्र अवसर पर लोगों को बधाई दी। उन्होंने X पर पोस्ट करते हुए कहा कि मां दुर्गा का आशीर्वाद हर जीवन को असीम आनंद, कल्याण और समृद्धि से भर दे।
वहीं, पश्चिम बंगाल के नेता सुवेंदु अधिकारी ने भी 'देवी पक्ष' की शुरुआत पर अपनी शुभकामनाएं साझा कीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि मां दुर्गा का आगमन सभी के जीवन में सुख-शांति लाएगा। उन्होंने विशेष रूप से पश्चिम बंगाल की विरासत, संस्कृति, एकता और भाईचारे के बंधन को और मजबूत करने की प्रार्थना की।
महालया के मौके पर देश के अलग-अलग हिस्सों में धार्मिक गतिविधियां देखी गईं। पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में श्रद्धालुओं ने लाल मोहन मल्लिक निरंजन घाट पर पवित्र डुबकी लगाई। वहीं, तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में कावेरी नदी के तटों पर हजारों की भीड़ उमड़ी, जहां लोगों ने अपने पूर्वजों के लिए तर्पण और अन्य अनुष्ठान किए। रामेश्वरम में भी अग्नि तीर्थ पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान किया।
गौरतलब है कि हिंदू कैलेंडर के अनुसार, महालया पितृ पक्ष के समापन और देवी पक्ष की शुरुआत का प्रतीक है, जिसमें पूर्वजों को श्रद्धांजलि दी जाती है और मां दुर्गा के आगमन की तैयारी शुरू होती है।