पीएम मोदी ने दुनिया के बड़े नेताओं को दिए भारतीय शिल्प के खास तोहफे, कश्मीरी सिल्क से पिछवाई आर्ट तक की दिखी झलक
पीएम मोदी ने फिलीपींस दौरे के दौरान दुनिया के बड़े नेताओं को कश्मीरी सिल्क और पिछवाई पेंटिंग जैसे भारतीय शिल्प भेंट कर भारत की विरासत दिखाई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय फिलीपींस दौरे के बाद बुधवार तड़के नई दिल्ली लौट आए हैं। इस यात्रा के दौरान पीएम मोदी ने न केवल कूटनीतिक चर्चाएं कीं, बल्कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर पेश भी किया। उन्होंने दुनिया के दिग्गज नेताओं को भारत के विभिन्न क्षेत्रों के चुनिंदा हस्तशिल्प और पारंपरिक कलाकृतियां भेंट कीं, जो भारत की विविधता और कारीगरों के हुनर को दर्शाती हैं।
पीएम मोदी ने मनीला में आयोजित 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन, 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन और क्वाड लीडर्स मीटिंग में हिस्सा लिया। इसके अलावा उन्होंने मनीला के ऐतिहासिक गुरुद्वारा खालसा दीवान का दौरा किया और इसके पुनर्विकास कार्य की शुरुआत की।
किन नेताओं को क्या मिला खास तोहफा?
प्रधानमंत्री ने दुनिया के अलग-अलग नेताओं को उनकी पसंद और भारत की विशिष्ट कलाओं के हिसाब से तोहफे दिए:
- फिलीपींस राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर मार्कोस जूनियर: इन्हें कश्मीरी सिल्क का शानदार कालीन भेंट किया गया। यह कालीन अपनी बारीकी, चमक और टिकाऊपन के लिए जाना जाता है, जिसे बनाने में कारीगरों को महीनों या सालों की मेहनत लगती है।
- फर्स्ट लेडी लिजा अरनेटा-मार्कोस: इन्हें पश्मीना शॉल दी गई, जिसे एक खूबसूरत पेपर माशे (Papier Mache) बॉक्स में रखा गया था। यह कश्मीर की दो मशहूर कलाओं का संगम है।
- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप: पीएम मोदी ने उन्हें राजस्थान के नाथद्वारा की प्रसिद्ध 'गोल्डन पिछवाई पेंटिंग' भेंट की। खनिज रंगों और सोने की बारीकियों से सजी यह पेंटिंग अपनी शाही चमक के लिए मशहूर है।
- जापान की पीएम सानाए ताकाइची: इन्हें बनारस की मशहूर रॉयल ब्लू कतान सिल्क स्टोल दी गई, जो एक 'सदहेली' बॉक्स में थी। यह बनारस के बुनकरों की सदियों पुरानी कला का प्रतीक है।
- ऑस्ट्रेलियाई पीएम एंथोनी अल्बनीज़: इन्हें जयपुर की प्रसिद्ध 'ब्लू पॉटरी' का एक नमूना दिया गया। यह क्वार्ट्ज आधारित मिट्टी से बनी होती है और अपने चमकदार नीले रंगों के लिए जानी जाती है।
- थाई पीएम अनुटिन चारनविराकुल: इन्हें गुजरात के कच्छ क्षेत्र की दुर्लभ 'रोगन आर्ट' पेंटिंग भेंट की गई। यह कला केवल कुछ ही परिवारों तक सीमित है और इसमें अरंडी के तेल से तैयार रंगों का इस्तेमाल होता है।
इन तोहफों के जरिए प्रधानमंत्री ने यह संदेश दिया कि भारत की कला और संस्कृति न केवल हमारी पहचान है, बल्कि यह दुनिया के साथ दोस्ती और सम्मान बढ़ाने का एक सशक्त माध्यम भी है।