PM मोदी आज दिल्ली में करेंगे ESTIC 2026 कॉन्क्लेव का उद्घाटन, नई तकनीक पर देंगे जोर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दिल्ली के भारत मंडपम में उभरती प्रौद्योगिकियों पर आधारित ESTIC 2026 कॉन्क्लेव का उद्घाटन करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम 5:30 बजे दिल्ली के भारत मंडपम में 'इमर्जिंग साइंस, टेक्नोलॉजी एंड इनोवेशन कॉन्क्लेव' (ESTIC 2026) का उद्घाटन करेंगे। इस खास मौके पर पीएम मोदी उपस्थित लोगों को संबोधित भी करेंगे, जहां वे देश की भविष्य की तकनीकी प्राथमिकताओं और नवाचारों पर अपनी बात रखेंगे।
यह तीन दिवसीय कॉन्क्लेव 27 से 29 अक्टूबर तक चलेगा। इसमें दुनिया भर के दिग्गज वैज्ञानिक, शोधकर्ता, शिक्षाविद, नीति निर्माता, उद्योग जगत के नेता और स्टार्टअप्स हिस्सा लेंगे। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य उभरती प्रौद्योगिकियों पर चर्चा करना और भारत की विज्ञान एवं नवाचार प्राथमिकताओं को तय करना है।
इन 12 क्षेत्रों पर होगा खास फोकस
कॉन्क्लेव के दौरान कुल 12 थीमैटिक क्षेत्रों पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा। इनमें मुख्य रूप से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), बायोटेक्नोलॉजी, एडवांस्ड मैटेरियल्स, मैन्युफैक्चरिंग, हेल्थकेयर, एनर्जी, क्लाइमेट और ओशन साइंस जैसे विषय शामिल हैं। चर्चा का केंद्र यह रहेगा कि कैसे वैज्ञानिक प्रगति को व्यावहारिक अनुप्रयोगों में बदला जाए और राष्ट्रीय क्षमताओं को बढ़ाया जाए।
इस आयोजन की सबसे बड़ी खासियत इसकी टेक्नोलॉजी और इनोवेशन प्रदर्शनी होगी, जिसमें भारत की स्वदेशी वैज्ञानिक उपलब्धियों को दिखाया जाएगा। यहां करीब 150 डीप-टेक स्टार्टअप स्टॉल लगाए जाएंगे, जो विभिन्न क्षेत्रों में तकनीकी विकास और उनके इस्तेमाल की संभावनाओं को प्रदर्शित करेंगे।
एक्सपीरियंस को बेहतर बनाने के लिए कॉन्क्लेव में थीमैटिक वीडियो, टेक्नोलॉजी डेमो, डॉक्यूमेंट्री और ऑगमेंटेड व वर्चुअल रियलिटी (AR/VR) का इस्तेमाल किया जाएगा। साथ ही, 'ग्लोबल कनेक्ट नेटवर्किंग इवेंट' के जरिए दुनिया भर के 300 से ज्यादा विशेषज्ञों को एक मंच पर लाया जाएगा, ताकि रिसर्च पार्टनरशिप और लैब से मार्केट तक नवाचार पहुँचाने के रास्तों पर बात हो सके।