IITF 2026: भारत मंडपम में Playverse@Mandapam की एंट्री, गेमिंग और AI से दिखेगी भारतीय विरासत
भारत मंडपम में IITF 2026 के दौरान Playverse@Mandapam लॉन्च हुआ है, जहाँ AI और गेमिंग के जरिए भारतीय विरासत को दिखाया जा रहा है।

नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित हो रहे 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF) 2026 में इस बार तकनीक और संस्कृति का एक अनोखा संगम देखने को मिल रहा है। युवाओं, खासकर जेन-जी (Gen Z) को आकर्षित करने के लिए यहाँ Playverse@Mandapam नाम का एक खास एक्सपीरियंस जोन बनाया गया है। हुंगामा के साथ डिजिटल पार्टनरशिप में तैयार यह जोन वर्चुअल रियलिटी (VR), आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और इमर्सिव गेमिंग के जरिए भारतीय विरासत को एक नए अंदाज में पेश कर रहा है।
इस जोन का मुख्य उद्देश्य 'विकास और विरासत' की थीम को साकार करना है, जहाँ आधुनिक डिजिटल मनोरंजन को भारतीय पौराणिक कथाओं, संगीत और सांस्कृतिक धरोहर के साथ जोड़ा गया है। यहाँ आने वाले लोग सिर्फ दर्शक नहीं रहेंगे, बल्कि वे खुद इन गतिविधियों का हिस्सा बनकर मुकाबला कर सकेंगे और नई चीजें सीख सकेंगे।
आकर्षणों का खजाना: रोबोटिक स्केच से लेकर योद्धा गेमिंग तक
Playverse@Mandapam में कई ऐसे इंस्टॉलेशन हैं जो आगंतुकों को हैरान कर रहे हैं। इनमें प्रमुख आकर्षण निम्नलिखित हैं:
- YODHA – The Battle of Warriors: यह एक बैटल गेमिंग अनुभव है जो पूरी तरह से भारतीय पौराणिक कथाओं से प्रेरित है।
- AI अवतार फोटो बूथ: यहाँ AI की मदद से लोग अपनी तस्वीरों को रेट्रो आइकन्स या भारतीय राजघरानों के किरदारों में बदल सकते हैं।
- Robo Sketch: यहाँ एक रोबोटिक आर्म लाइव स्केच बनाकर कला और तकनीक के मेल का प्रदर्शन कर रही है।
- Racing Arena और Desi Beats: जहाँ एक तरफ लोग हाई-स्पीड रेसिंग का मजा ले रहे हैं, वहीं 'देसी बीट्स' में डांस-ऑफ के जरिए अपने दोस्तों को चुनौती दे रहे हैं।
- Projection Playground: यहाँ डिजिटल प्रोजेक्शन के जरिए खिलते हुए कमल और उड़ती हुई ड्रैगनफ्लाई जैसे दृश्यों से एक जादुई माहौल बनाया गया है।
इसके अलावा, 'खेल खेल में भारत देखो' के जरिए लोग देश के प्रमुख स्थलों और भौगोलिक विविधता की डिजिटल यात्रा कर रहे हैं। वहीं, 'राष्ट्रगान – जन गण मन' इंस्टॉलेशन के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज और देश की सांस्कृतिक विविधता को एक डिजिटल अनुभव के रूप में पेश किया गया है।
यह पूरा प्रयास पारंपरिक प्रदर्शनियों से हटकर है, जहाँ लोग केवल चीजों को देखते नहीं बल्कि उन्हें महसूस करते हैं। IITF 2026 का यह आयोजन भारत मंडपम में 27 नवंबर तक चलेगा, जिसमें तकनीक के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने की कोशिश की गई है।