पीतमपुरा में दुर्गा विसर्जन के दौरान खूनी संघर्ष, इंस्टाग्राम पोस्ट पर विवाद में 9वीं के छात्र की हत्या
दिल्ली के पीतमपुरा में दुर्गा विसर्जन के दौरान इंस्टाग्राम पोस्ट को लेकर विवाद हुआ, जिसमें 9वीं के छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।

दिल्ली के पीतमपुरा इलाके में दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक मामूली इंस्टाग्राम पोस्ट पर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि हमलावरों ने चाकू से वार कर एक 9वीं कक्षा के छात्र की जान ले ली, जबकि उसका एक दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। यह पूरी घटना पीतमपुरा के QU ब्लॉक के पास हुई, जहां विसर्जन के जश्न के बीच अचानक हिंसा फैल गई।
मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान अरुण के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अरुण का दोस्त आशु ने सोशल मीडिया पर एक आपत्तिजनक पोस्ट डाली थी, जो हमलावरों की एक महिला मित्र से जुड़ी थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तनातनी चल रही थी। विसर्जन के दौरान नकाबपोश हमलावरों ने आशु पर हमला किया। जब अरुण अपने दोस्त को बचाने के लिए बीच में आया, तो हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ चाकू से वार कर दिए।
घायल अरुण को तुरंत BSA अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चोटें इतनी गहरी थीं कि इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, आशु की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने आरोपियों को दबोचा, खूनी खंजर बरामद
उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौर्य एनक्लेव पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या), 109(1) (हत्या का प्रयास) और 3(5) (साझा इरादा) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने इस वारदात में शामिल चार नाबालिगों को पकड़ा है और हमले में इस्तेमाल किया गया खून से सना खंजर भी बरामद कर लिया है। इसके अलावा, पुलिस ने अमन खान उर्फ अर्शू (21 वर्ष), अफजल खान (18 वर्ष), शोएब मिर्जा (18 वर्ष) और अब्दुल मोमिन (18 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। आरोपी उत्तर प्रदेश और दिल्ली के अलग-अलग इलाकों जैसे न्यू सीलमपुर और गौतमपुरी के रहने वाले हैं। इस मामले में दो अन्य 17 वर्षीय किशोरों को भी हिरासत में लिया गया है।