प्रॉपर्टी डीलर का अपहरण और बंदूक की नोक पर धमकी, टिल्लू गैंग का सदस्य पवन मक्खी गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने टिल्लू गैंग के सदस्य और पूर्व हेड कांस्टेबल पवन मक्खी को प्रॉपर्टी डीलर के अपहरण और धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

दिल्ली पुलिस ने बाहरी उत्तरी दिल्ली में एक प्रॉपर्टी डीलर के अपहरण और उसे बंदूक की नोक पर धमकाने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने टिल्लू ताजपुरिया गैंग के सक्रिय सदस्य पवन कुमार उर्फ 'मक्खी' को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर एक व्यक्ति को अगवा किया और उसे जबरन दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने के लिए मजबूर किया।
यह पूरा मामला तब सामने आया जब प्रॉपर्टी डीलर राकेश कुमार ने अलीपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। राकेश ने आरोप लगाया कि 27 अक्टूबर को नरेंद्र उर्फ भोलू और पवन कुमार उर्फ मक्खी ने उसे जबरन एक महिंद्रा स्कॉर्पियो-एन गाड़ी में बैठाया और अगवा कर लिया। इसके बाद उसे अलग-अलग जगहों पर ले जाया गया और बंधक बनाकर रखा गया।
पुराने केस को वापस लेने के लिए बनाया गया दबाव
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पवन मक्खी ने राकेश कुमार की कनपटी पर पिस्तौल रखकर उसे धमकी दी। आरोपियों का मकसद राकेश को डराना था ताकि वह पवन और उसके साथियों के खिलाफ दर्ज एक पुराने आपराधिक मामले को वापस ले ले और अदालत में गवाही न दे। जान से मारने की धमकी के बीच पवन ने जबरन राकेश से एक समझौते के कागजात (कॉम्प्रोमाइज डीड) पर हस्ताक्षर करवाए।
डीसीपी बाहरी उत्तरी जिला शोभित डी. सक्सेना ने बताया कि इस मामले में एक अन्य आरोपी नरेंद्र उर्फ भोलू को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि पवन फरार था। पवन ने पहले कोर्ट में जमानत याचिका दायर की थी, लेकिन बाद में उसे वापस लेकर वह पुलिस के सामने सरेंडर कर गया।
हैरानी की बात यह है कि आरोपी पवन कुमार दिल्ली पुलिस में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात था। हालांकि, पुलिस अधिकारी ने स्पष्ट किया कि उसे सेवा से बर्खास्त किया जा चुका है और अब उसका दिल्ली पुलिस से कोई संबंध नहीं है। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और मामले की आगे की जांच जारी है।