शॉक: एशियन पैरा गेम्स गोल्ड मेडलिस्ट नीरज यादव ने दिल्ली में की आत्महत्या
भारत के दिग्गज पैरा-एथलीट नीरज यादव ने दिल्ली में आत्महत्या की। डोपिंग सस्पेंशन के कारण वह आगामी खेलों से बाहर थे।

भारतीय पैरा-एथलेटिक्स जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। देश के दिग्गज खिलाड़ी और एशियन पैरा गेम्स के गोल्ड मेडलिस्ट नीरज यादव ने दिल्ली में आत्महत्या कर ली। 42 वर्षीय नीरज यादव की इस मौत ने खेल जगत को झकझोर कर रख दिया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, नीरज पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से जूझ रहे थे।
चीफ पैरा-एथलेटिक्स कोच एस सत्यनारायण ने इस दुखद घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि नीरज यादव डोपिंग सस्पेंशन के कारण जापान के आइची-नागोया में होने वाले 2026 एशियन पैरा गेम्स में हिस्सा नहीं ले पाए थे। कोच ने कहा कि एथलीट के जीवन में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं, लेकिन नीरज ने इतना कठोर कदम उठा लिया, जिसकी वजह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है।
मौजपुर मेट्रो स्टेशन के पास मिली बेहोशी हालत में बॉडी
दिल्ली पुलिस के अनुसार, बुधवार तड़के करीब 12:08 बजे जाफराबाद पुलिस स्टेशन को जीटीबी अस्पताल से एक सूचना मिली। अस्पताल में नीरज यादव को इमरजेंसी विभाग में लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें 'डेड ऑन अराइवल' घोषित कर दिया। पुलिस को जानकारी मिली है कि मंगलवार को एक महिला नीरज से सोनीपत में मिली थी, जहां उसने नीरज को बताया कि वह अब उनके संपर्क में नहीं रह सकती। इसके बाद नीरज उसे दिल्ली के मौजपुर इलाके में ले गए। रात करीब 9 बजे जब महिला को शक हुआ, तो वह मौजपुर मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 पर पहुंचीं, जहां उन्होंने नीरज को उनकी गाड़ी के पास सड़क पर बेहोश पड़ा पाया।
पुलिस ने इस मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू की है और मौत की सटीक वजह जानने के लिए जांच जारी है।
नीरज यादव की कहानी संघर्ष और सफलता की मिसाल थी। सात साल की उम्र में उन्हें पोस्ट-पोलियो रेजिडुअल पैरालिसिस हुआ था, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। उन्होंने पहले व्हीलचेयर टेनिस खेला और फिर पैरा-एथलेटिक्स में अपनी पहचान बनाई। 2018 के जकार्ता एशियन पैरा गेम्स में उन्होंने भाला फेंक (जेवलिन थ्रो) में रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन करते हुए गोल्ड जीता था। वहीं 2023 के हांगझोऊ एशियन पैरा गेम्स में उन्होंने जेवलिन और डिस्कस थ्रो, दोनों में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रचा था।
खेलों के अलावा नीरज सोनीपत में 'अंशनीर स्पोर्ट्स एकेडमी' नाम से एक ऑनलाइन कोचिंग वेंचर भी चलाते थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी और तीन साल की एक छोटी बेटी है, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया है।