विभाजन विभीषिका कार्यक्रम पर कांग्रेस का बड़ा हमला, गुरुग्राम में भाजपा पर समाज को बांटने का लगाया गंभीर आरोप

Kittu Kumari16 August 20262 min read67 viewsNCR
विभाजन विभीषिका कार्यक्रम पर कांग्रेस का बड़ा हमला, गुरुग्राम में भाजपा पर समाज को बांटने का लगाया गंभीर आरोप

कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने कहा कि भाजपा द्वारा विभाजन विभीषिका कार्यक्रम के नाम पर समाज को बांटने का काम किया जा रहा है। गुडग़ांव में धर्म की राजनीति करने का भाजपा को अवसर नहीं मिला तो वह जातियों की राजनीति करने लगी। यह तथाकथित कार्यक्रम जातिगत का शिकार हो गया। इसमें पंजाबी समाज की काबिलियत पर सवाल खड़े किए गए, जबकि बंटवारे में यहां आए पंजाबियों ने पुरुषार्थ के बल पर खुद को स्थापित करने का काम किया है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष पंकज डावर ने बयान जारी कर भाजपा पर राजनीतिक लाभ के लिए समाज को जातियों में बांटने का गंभीर आरोप लगाया है।

केंद्रीय मंत्री और गुरुग्राम सांसद को लेकर कही ये बात


पंकज डावर ने कहा कि विभाजन की पीड़ा को याद करना भाजपा का कोई समाजहित का काम नहीं है, बल्कि यह भाजपा की राजनीति का हिस्सा है। समय-समय पर भाजपा राजनीतिक लाभ लेने के लिए समाज को धर्म में, जातियों में बांटने का काम करती है। इस कार्यक्रम में खुद केंद्रीय मंत्री एवं गुरुग्राम के सांसद भाजपा की राजनीति का शिकार हुए हैं। जिस तरह से उनके साथ व्यवहार होता आ रहा है, उससे यह लगता है कि भाजपा आज भी उन्हें दिल से नहीं अपना रही बल्कि राजनीतिक लाभ के लिए साथ रख रही है।

धर्मगुरु और पंजाबी समाज के अपमान का आरोप


पंकज डावर ने कहा कि राव इंद्रजीत सिंह अपना दुखड़ा अपने संगठन के शीर्ष नेतृत्व के साथ बैठकर सुना सकते थे। उन्होंने इस मंच से पंजाबी समाज की काबिलियत पर सवाल खड़े किए और समाज को अपमानित करने का काम किया। जो इस कार्यक्रम के आयोजन में अग्रणी भूमिका में थे, वे पहले भी अपमानित किए जा चुके हैं। ऐसा लगता है कि पंजाबी समाज के ये नेता भाजपा की चाल और चरित्र को या तो समझ नहीं रहे या फिर समझना नहीं चाहते। पंकज डावर ने कहा कि जो धर्मगुरु विशेषकर पंजाबियों में सबसे अधिक पूजनीय हैं, उनको भी भाजपा ने मंच पर बिठाकर अपमानित कराया। किसी ने भी ऐसा होने से रोकने के प्रयास तक नहीं किए। सभी का चुपचाप सब सुनना, देखना यह साबित करता है कि भाजपा इस मंच से जातिगत बंटवारे का तमाशा देख रही थी।

राजनीतिक रोटियां सेंकने का लगाया आरोप


डावर ने कहा कि राव इंद्रजीत का यह कथन पंजाबी समाज कभी नहीं भूलेगा। जिस समाज ने हर समय देश और प्रदेश के निर्माण में अपना योगदान दिया, उसी समाज का सार्वजनिक मंच से अपमान करना गलत हैं। गुडग़ांव की राजनीति, व्यापार और सामाजिक ताने-बाने में पंजाबी समाज की अहम भूमिका रही है। विभाजन विभीषिका के नाम पर भाजपा का यह मंच बीजेपी नेताओं की गुटबाजी और निजी खीझ निकालने का मंच बन गया। पंकज डावर ने आरोप लगाया कि भाजपा ऐसे आयोजन के माध्यम से अपनी राजनीतिक रोटियां सेंक रही है। उसे किसी के दुख-दर्द से कोई मतलब नहीं है। अपने स्वार्थ के लिए भाजपा नेताओं का यूज कर रही है। जब स्वार्थ पूरा हो जाएगा तो इन्हें दरकिनार कर दिया जाएगा।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment