गुरुग्राम में कांग्रेस नेता पंकज डावर का बड़ा बयान, एसआईआर पर चुनाव आयुक्तों की असहमति को बताया वोट चोरी का सबूत

Kittu Kumari24 September 20262 min read0 viewsNCR
गुरुग्राम में कांग्रेस नेता पंकज डावर का बड़ा बयान, एसआईआर पर चुनाव आयुक्तों की असहमति को बताया वोट चोरी का सबूत

कांग्रेस के जिला अध्यक्ष शहरी पंकज डावर ने गुरुग्राम में कहा है कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जी ने जो कहा, वह अब देश के सामने आ गया है। चुनाव आयोग में एसआईआर को लेकर आयुक्तों के बीच सामने आई असहमति को लेकर उन्होंने भाजपा पर कड़ा प्रहार किया है। आयोग के अंदर का यह मतभेद सीधे-सीधे वोट चोरी की ओर इशारा करता है।

पंकज डावर ने कहा कि नए वोटरों को जोडऩे और वोटर लिस्ट से नाम हटाने जैसे बेहद संवेदनशील मुद्दों पर चुनाव आयोग के आयुक्तों को ही अंधेरे में रखा गया। यह जानकारी जब सामने आई तो यह आयोग के अंदर गंभीर विवाद का विषय बन गई। यदि एक संवैधानिक संस्था के अंदर ही पारदर्शिता नहीं होगी तो आम जनता चुनावी निष्पक्षता पर कैसे भरोसा करेगी।

उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जो भाजपा हमेशा दूसरों को हराने के बड़े-बड़े दावे करती है, वही आज एसआईआर के मुद्दे पर अपनी खाल बचाती नजर आ रही है। बंगाल चुनाव पर भाजपा यह कहकर अपना बचाव कर रही है कि जहां वोट कटे हैं, वहां टीएमसी जीती है। भाजपा का यह तर्क उसकी खीझ और बौखलाहट को साफ दिखाता है। जब भाजपा के नेता ऐसे बयान देने को मजबूर हो गए हैं, तो यह साबित होता है कि दाल में कुछ काला जरूर है।

पंकज डावर ने कहा कि कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने वोट चोरी का जो मुद्दा देश के सामने उठाया था, भाजपा तब से लगातार उस मुद्दे से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। भाजपा कभी नए मुद्दे लाकर, कभी बयानबाजी करके असली सवाल को टालने में लगी है। लेकिन अब चुनाव आयोग के भीतर से ही जो असहमति की बात सामने आ रही है, उसने राहुल गांधी के आरोपों पर मुहर लगा दी है।

उन्होंने अंत में कहा कि वोटर लिस्ट लोकतंत्र की आत्मा है। उसमें से वोटरों का नाम काटना या गलत तरीके से नाम जोडऩा सीधे तौर पर मतदाता के अधिकार को छीनना है। यह वोट चोरी नहीं तो और क्या है।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment