दिल्ली: पालम में अवैध हथियारों के साथ 19 साल का युवक गिरफ्तार

Kittu Kumari4 October 20262 min read0 viewsDelhi Local
दिल्ली: पालम में अवैध हथियारों के साथ 19 साल का युवक गिरफ्तार

राजधानी दिल्ली के पालम इलाके में क्राइम ब्रांच ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 19 वर्षीय युवक को अवैध हथियारों के साथ दबोचा है। पुलिस ने इस युवक के पास से दो देसी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस और एक एयर गन बरामद की है। पकड़े गए आरोपी की पहचान पालम कॉलोनी निवासी अंशु के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, यह पूरी कार्रवाई एक महीने की कड़ी मेहनत और तकनीकी निगरानी के बाद संभव हो पाई। क्राइम ब्रांच की टीम अवैध हथियार सप्लाई करने वालों और शूटरों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान सब-इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह को आरोपी के बारे में गुप्त सूचना मिली, जिसकी पुष्टि सब-इंस्पेक्टर रवि भूषण ने तकनीकी विश्लेषण के जरिए की। इसके बाद इंस्पेक्टर गौतम मलिक के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई, जिसने जाल बिछाकर अंशु को पालम गांव से गिरफ्तार कर लिया।

दबदबा बनाने के लिए रखता था हथियार, व्हाट्सएप स्टेटस पर डालता था फोटो

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के मोबाइल फोन में कुछ ऐसी तस्वीरें मिलीं, जिन्हें देखकर अधिकारी हैरान रह गए। अंशु अपने अवैध हथियारों के साथ फोटो खिंचवाता था और अपनी धाक जमाने के लिए उन्हें व्हाट्सएप स्टेटस पर अपलोड करता था।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने केवल आठवीं कक्षा तक पढ़ाई की थी, जिसके बाद पढ़ाई में मन न लगने के कारण उसने स्कूल छोड़ दिया। साल 2020-21 के आसपास उसकी जान-पहचान कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों से हुई, जिसके बाद वह उनकी संगत में पड़ गया। उसने पुलिस को कबूल किया कि वह केवल अपना दबदबा बढ़ाने, दूसरों को डराने और अपने साथियों के बीच रसूख दिखाने के लिए ये हथियार रखता था।

दिल्ली पुलिस अब इस बात की गहन जांच कर रही है कि उसने ये हथियार कहां से खरीदे और उसके अन्य आपराधिक संपर्क कौन हैं। पुलिस का मानना है कि समय रहते इन हथियारों की बरामदगी से किसी बड़ी आपराधिक वारदात को टाला जा सका है।

Share:

Comments

Leave a comment