पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मसूद ने दिल्ली के ऐतिहासिक स्थलों का किया भ्रमण, लाल किले और हुमायूं के मकबरे पहुंचे
SCO फोरम में शामिल होने आए पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मसूद ने दिल्ली के ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण किया। जानें उन्हें कहां जाने की अनुमति मिली।

शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के सभ्यता संवाद फोरम में हिस्सा लेने पहुंचे पाकिस्तान के संघीय मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने दिल्ली की ऐतिहासिक विरासत को करीब से देखा। सोमवार को उन्होंने राजधानी के कई मशहूर स्मारकों का दौरा किया, जिसमें हुमायूं का मकबरा, लाल किला और कुतुब मीनार शामिल रहे। मुसादिक मसूद 20 से 22 नवंबर तक चले SCO फोरम के सिलसिले में भारत आए हुए थे।
भारतीय सरकारी सूत्रों के अनुसार, मंत्री मुसादिक मसूद को हुमायूं के मकबरे, लाल किले, दिल्ली हाट और ताजमहल जाने की आधिकारिक अनुमति दी गई थी। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों ने उनके हजरत निजामुद्दीन दरगाह जाने के अनुरोध को अस्वीकार कर दिया। इस दौरे के दौरान उन्होंने दिल्ली की सांस्कृतिक विरासत की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि दिल्ली की पहचान अलग-अलग सभ्यताओं के मेल से और भी मजबूत हुई है।
द्विपक्षीय बातचीत नहीं, केवल SCO के दायरे में रहा दौरा
इस यात्रा को लेकर कुछ विवादों पर विराम लगाते हुए केंद्रीय संस्कृति सचिव विवेक अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि इस दौरे के दौरान भारत और पाकिस्तान के बीच कोई औपचारिक द्विपक्षीय बातचीत नहीं हुई। साथ ही उन्होंने उन दावों को भी खारिज किया जिनमें कहा गया था कि हवाई अड्डे पर पाकिस्तानी मंत्री का अनादर किया गया; सचिव ने बताया कि भारतीय अधिकारी उन्हें रिसीव करने के लिए एयरपोर्ट पर मौजूद थे। मुसादिक मसूद ने अपने संबोधन में इस बात पर जोर दिया कि अंतरराष्ट्रीय संवाद को बढ़ावा देने में संस्कृति की एक अहम भूमिका होती है।