लाल किला और हुमायूं के मकबरे पहुंचे पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मसूद मलिक, दिल्ली की साझा संस्कृति की तारीफ की
पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने दिल्ली के लाल किले और हुमायूं के मकबरे का दौरा किया। उन्होंने दिल्ली की साझा संस्कृति की भी तारीफ की।

पाकिस्तान के संघीय जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री डॉ. मुसादिक मसूद मलिक इन दिनों दिल्ली के दौरे पर हैं। सोमवार को उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी के दो सबसे प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों, हुमायूं के मकबरे और लाल किले की सैर की। अपनी इस यात्रा की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा करते हुए उन्होंने बताया कि उन्होंने दिल्ली की इन ऐतिहासिक विरासतों को करीब से देखा।
गौरतलब है कि डॉ. मुसादिक मलिक तीन साल में भारत आने वाले पहले पाकिस्तानी मंत्री हैं। वह दिल्ली में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के पहले 'सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम' में पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। यह तीन दिवसीय आयोजन सदस्य देशों के बीच सांस्कृतिक सहयोग और आपसी समझ को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया है।
साझा विरासत और गालिब के प्रति सम्मान
इस दौरे के दौरान मंत्री मलिक ने दिल्ली की सांस्कृतिक पहचान की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि दिल्ली बाहरी सभ्यताओं और अलग-अलग संस्कृतियों के आने से कमजोर नहीं हुई, बल्कि और अधिक समृद्ध और मजबूत बनी है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि विविधता का जश्न मनाना और विचारों का आदान-प्रदान किसी भी सभ्यता के विकास के लिए जरूरी है।
फोरम में अपना संबोधन देते हुए मलिक ने एक दिलचस्प बात कही। उन्होंने बताया कि मिर्जा गालिब की कब्र से कुछ ही दूरी पर बैठकर अंग्रेजी में बोलना उन्हें अजीब लग रहा था, इसलिए उन्होंने अपने दिल की बात उर्दू में कहने का फैसला किया। उन्होंने गालिब के साहित्यिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि यह कितनी हैरानी की बात है कि जो कवि खुद को फारसी का बड़ा शायर मानते थे, दुनिया उन्हें उर्दू के जरिए जानती है। उन्होंने दिल्ली और लखनऊ को कविता और साहित्य के बड़े केंद्र के रूप में याद किया।
डॉ. मलिक शुक्रवार को दिल्ली पहुंचे थे, जहां एयरपोर्ट पर पाकिस्तान उच्चायोग के चार्ज डी अफेयर्स साद वराइच ने उनका स्वागत किया।