'बाहरी सभ्यताओं के आने से दिल्ली की चमक कम नहीं हुई, बल्कि बढ़ी', पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मसूद

पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मसूद ने दिल्ली की सांस्कृतिक विरासत और विविधता की सराहना की। उन्होंने मिर्जा गालिब और उर्दू साहित्य का जिक्र किया।

Kittu Kumari21 November 20261 min read0 viewsDelhi Local
'बाहरी सभ्यताओं के आने से दिल्ली की चमक कम नहीं हुई, बल्कि बढ़ी', पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मसूद

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के 'सिविलाइज़ेशनल डायलॉग फोरम' के दौरान पाकिस्तान के संघीय मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने दिल्ली की सांस्कृतिक विरासत की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि दिल्ली ने हमेशा अलग-अलग सभ्यताओं और बाहरी दुनिया से आए लोगों को अपने भीतर समेटा है, जिससे यह शहर और भी समृद्ध और मजबूत बना है।

मसूद मलिक ने अपने संबोधन में इस बात पर जोर दिया कि दिल्ली की पहचान बाहरी प्रभावों को अपनाने और उन्हें आत्मसात करने की क्षमता में है। उन्होंने कहा, "दिल्ली बाहरी सभ्यताओं या बाहर से आने वाले लोगों के कारण कमजोर नहीं हुई, बल्कि उनके आने से यह शहर और अधिक फला-फूला और विस्तृत हुआ।"

गालिब और उर्दू के जरिए दिल की बात

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे मंत्री मुसादिक मसूद ने अपने भाषण की शुरुआत उर्दू भाषा में की। अंग्रेजी के बजाय उर्दू चुनने की वजह बताते हुए उन्होंने कहा कि मिर्जा गालिब की कब्र से कुछ ही मील दूर बैठकर अंग्रेजी में बोलना उन्हें अजीब लग रहा था, इसलिए उन्होंने अपने दिल की आवाज उर्दू में व्यक्त करने का फैसला किया।

उन्होंने गालिब के जीवन का जिक्र करते हुए एक दिलचस्प बात कही कि गालिब खुद को फारसी का महान कवि मानते थे, लेकिन पूरी दुनिया में उन्हें उनकी उर्दू शायरी के लिए जाना जाता है। उन्होंने दिल्ली, लखनऊ और लाहौर को कविता, साहित्य और संस्कृति के बड़े केंद्र बताया और कहा कि गालिब की अभिव्यक्ति का अंदाज सबसे अलग और खास था।

संवाद (Dialogue) के महत्व पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि असली संवाद वही है जहां अलग-अलग पहचानों और विविधताओं का सम्मान किया जाए। उन्होंने अल्लामा इकबाल का उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे बौद्धिक और सांस्कृतिक आदान-प्रदान भौगोलिक सीमाओं और समय के बंधन को तोड़कर आगे बढ़ सकते हैं।

Share:

Comments

Leave a comment