ओल्ड आरटीआर फ्लाईओवर की मरम्मत पूरी, सोमवार से फिर शुरू हो सकता है ट्रैफिक
सड़क पर दरारें आने के बाद बंद हुआ ओल्ड आरटीआर फ्लाईओवर अब मरम्मत के बाद सोमवार को फिर से यातायात के लिए खुल सकता है।

दिल्ली के वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर है। इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से वसंत विहार की ओर जाने वाले ओल्ड आरटीआर फ्लाईओवर की मरम्मत का काम पूरा हो गया है। सड़क की सतह पर दरारें पाए जाने के बाद इस फ्लाईओवर को यातायात के लिए बंद कर दिया गया था, लेकिन अब लोक निर्माण विभाग (PWD) ने इसके मरम्मत कार्य को पूरा कर लिया है।
इस फ्लाईओवर के बंद होने से नेशनल हाईवे-48 पर ट्रैफिक का भारी दबाव देखा गया। खासकर महिपालपुर, धौला कुआं और वसंत विहार जैसे इलाकों में वाहन चालकों को काफी जाम और परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस के साथ तालमेल बिठाया और यात्रियों को वैकल्पिक रास्तों की सलाह दी थी। साथ ही, गूगल मैप्स पर भी इस बंद रास्ते की अपडेट दी गई थी ताकि लोग समय रहते अपना रूट बदल सकें।
रविवार को होगा अंतिम निरीक्षण
PWD के अधिकारियों के मुताबिक, मरम्मत के बाद कंक्रीट को मजबूती देने के लिए 48 घंटे का क्यूरिंग पीरियड (सुखाने का समय) जरूरी था, जिसे पूरा कर लिया गया है। अब रविवार, 25 अक्टूबर को PWD और दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी संयुक्त रूप से स्ट्रक्चर का निरीक्षण करेंगे।
यदि निरीक्षण के दौरान सब कुछ सही पाया गया और सुरक्षा क्लियरेंस मिल गया, तो सोमवार, 26 अक्टूबर से इस फ्लाईओवर को फिर से आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की है कि जब तक अंतिम सुरक्षा प्रोटोकॉल पूरे नहीं हो जाते, वे अपनी यात्रा की योजना उसी अनुसार बनाएं।