नूंह: मढ़ी स्कूल के छात्रों ने किया आईआईटी दिल्ली का दौरा, जाना तकनीकी शिक्षा का महत्व

Kittu Kumari14 October 20262 min read0 viewsNCR
नूंह: मढ़ी स्कूल के छात्रों ने किया आईआईटी दिल्ली का दौरा, जाना तकनीकी शिक्षा का महत्व

मेवात क्षेत्र के युवाओं को उच्च शिक्षा और बेहतर करियर के अवसरों से जोड़ने के लिए एक शानदार पहल की गई है। उपायुक्त अखिल पिलानी के मार्गदर्शन में राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मढ़ी के आवासीय कोचिंग केंद्र के विद्यार्थियों ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों को देश के टॉप शिक्षण संस्थानों की कार्यप्रणाली से रूबरू कराना और उन्हें बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित करना था।

इस भ्रमण का आयोजन एसीयूटी अमितेज पांगती और मेवात विकास प्राधिकरण के उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी अशोक कुमार के विशेष प्रयासों से संभव हो पाया। संस्थान पहुँचने के बाद विद्यार्थियों ने एक विशेष कार्यशाला में हिस्सा लिया, जहाँ उन्हें तकनीकी शिक्षा की बारीकियों और संस्थान की शैक्षणिक व्यवस्था के बारे में विस्तार से बताया गया।

छात्रों ने जाने प्रवेश प्रक्रिया के गुर

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

कार्यशाला के दौरान आईआईटी दिल्ली में इंजीनियरिंग के दूसरे वर्ष में पढ़ रहे छात्रों, ध्रुव और वैभव ने मढ़ी के विद्यार्थियों के साथ सीधा संवाद किया। उन्होंने न केवल संस्थान में पढ़ाई के माहौल के बारे में बताया, बल्कि प्रवेश प्रक्रिया और उपलब्ध शैक्षणिक अवसरों की पूरी जानकारी भी साझा की। ध्रुव और वैभव ने छात्रों के सवालों के जवाब दिए और उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने के लिए प्रोत्साहित किया।

इस मौके पर मेवात विकास प्राधिकरण के परियोजना अधिकारी मुफीद और विद्यालय के प्रधानाचार्य मुबारिक अली सहित कोचिंग केंद्र के स्टाफ सदस्य भी मौजूद रहे। उन्होंने छात्रों को अनुशासन और कठिन परिश्रम का महत्व समझाया।

माना जा रहा है कि इस तरह के दौरों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ेगा और उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित होगा। विशेष रूप से जो छात्र इंजीनियरिंग और मेडिकल के क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं, उनके लिए यह अनुभव मील का पत्थर साबित होगा। विद्यालय प्रशासन ने इस पूरी प्रक्रिया में सहयोग देने के लिए उपायुक्त अखिल पिलानी और अन्य अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Share:

Comments

Leave a comment