नूंह पुलिस की बड़ी कार्रवाई: साइबर ठगी के जाल में फंसाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
नूंह पुलिस ने साइबर क्राइम के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो जालसाजों को पकड़ा है, जिनके पास से मोबाइल और सिम बरामद हुए हैं।

हरियाणा के नूंह जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। जिला पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो ऐसे आरोपियों को धर दबोचा है, जो मोबाइल फोन और फर्जी पहचान के जरिए लोगों को ठग रहे थे। पुलिस ने इन आरोपियों के पास से मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल ठगी के लिए किया जा रहा था।
पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक, साइबर क्राइम थाना पुलिस तकनीकी इनपुट और पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर संदिग्धों की तलाश कर रही थी। इस दौरान पुलिस को दो अलग-अलग ठगों की जानकारी मिली, जिसके बाद छापेमारी कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
फर्जी प्रोफाइल बनाकर स्कूटी के नाम पर लूट रहे थे पैसे
पहले मामले में पुलिस ने पिनगवां थाना क्षेत्र के गांव बुबलहेड़ी से अरबाज नाम के युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस ने जब उसके पास से बरामद मोबाइल की जांच की, तो चौंकाने वाले खुलासे हुए। आरोपी व्हाट्सऐप बिजनेस पर 'शर्मा इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी' और फेसबुक पर 'दीपक शर्मा' नाम से फर्जी प्रोफाइल चला रहा था। फोन की गैलरी में इलेक्ट्रिक स्कूटी की बिक्री से जुड़े संदिग्ध मैसेज और क्यूआर कोड की तस्वीरें मिलीं। जांच में पता चला कि इस नंबर के खिलाफ साइबर पोर्टल पर दो शिकायतें दर्ज थीं, जिनमें करीब 68 हजार रुपये की ठगी की बात सामने आई है।
वहीं, दूसरे मामले में पुलिस ने गांव हिरवाड़ी निवासी आफाक खान को पकड़ा। पुलिस ने उसे हिरवाड़ी से हाजीबास जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार किया। आफाक के पास से भी एक मोबाइल और दो सिम कार्ड बरामद हुए हैं। पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि उसके एक सिम कार्ड से जुड़े नंबर के खिलाफ महाराष्ट्र के जलगांव से ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई गई थी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर लिए हैं और अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस खेल में उनके साथ और कौन-कौन शामिल था।