दिवाली और छठ पूजा की भीड़ के लिए नॉर्दर्न रेलवे चलाएगा 8 स्पेशल ट्रेनें
दिवाली और छठ पूजा की भीड़ को देखते हुए नॉर्दर्न रेलवे ने दिल्ली-NCR से यूपी और बिहार के लिए 8 स्पेशल ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है।

त्योहारों का सीजन आते ही ट्रेनों में पैर रखने की जगह नहीं बचती, खासकर जब बात दिवाली और छठ पूजा की हो। यात्रियों की इसी भारी भीड़ को देखते हुए नॉर्दर्न रेलवे ने एक बड़ा फैसला लिया है। रेलवे ने 2026 के त्योहारी सीजन के लिए दिवाली छठ स्पेशल ट्रेन चलाने का ऐलान किया है, ताकि दिल्ली-NCR से अपने घर जाने वाले यात्रियों को मुश्किलों का सामना न करना पड़े।
इन स्पेशल ट्रेनों का मुख्य फोकस उत्तर प्रदेश और बिहार के प्रमुख शहरों को जोड़ना है। रेलवे ने पटना, गया, मुजफ्फरपुर, गोरखपुर, झांसी और अलीगढ़ जैसे गंतव्यों के लिए कुल आठ स्पेशल सेवाएं शुरू करने की योजना बनाई है। इनमें नई दिल्ली और आनंद विहार टर्मिनल से चलने वाली ट्रेनें शामिल हैं, जिससे यात्रियों को शहर के अलग-अलग हिस्सों से कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
इन रूटों पर मिलेगी सुविधा और वंदे भारत की रफ्तार
रेलवे ने केवल आरक्षित ही नहीं, बल्कि बिना रिजर्वेशन वाली ट्रेनों का भी इंतजाम किया है। शकूर बस्ती-सुबेदारगंज, सिरहिंद-सहरसा और श्रीनगर-श्री माता वैष्णो देवी कटरा रूटों पर तीन जोड़ी अनारक्षित फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। इसके अलावा, उन लोगों के लिए जो तेजी से सफर करना चाहते हैं, नई दिल्ली और पटना के बीच 6 और 7 नवंबर 2026 को एक स्पेशल वंदे भारत ट्रेन (ट्रेन नंबर 02436 और 02435) चलाने का शेड्यूल तय किया गया है।
नॉर्दर्न रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) हिमांशु शेखर उपाध्याय ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी सीट की उपलब्धता और ट्रेन के समय की जांच जरूर कर लें। टिकट बुक करने के लिए IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट या अधिकृत प्लेटफॉर्म का उपयोग करने की सलाह दी गई है। किसी भी मदद के लिए यात्री रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क कर सकते हैं।
वहीं, स्टेशनों पर होने वाली भारी भीड़ और सुरक्षा को देखते हुए रेलवे ने एक कड़ा कदम उठाया है। दिल्ली-NCR क्षेत्र के विभिन्न स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री पर पाबंदी लगा दी गई है, ताकि प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक भीड़ न हो और यात्रियों का सफर सुरक्षित रहे।