दिल्ली से गुवाहाटी तक दौड़ेगी बुलेट ट्रेन, पीएम मोदी ने दी नॉर्दर्न कॉरिडोर को मंजूरी
पीएम मोदी ने नॉर्दर्न बुलेट ट्रेन कॉरिडोर को मंजूरी दी है। अब दिल्ली से गुवाहाटी का सफर महज 8 घंटे में पूरा होगा।

भारतीय रेलवे अब देश की रफ्तार बदलने की तैयारी में है। मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट की सफलता के बाद अब सरकार ने हाई-स्पीड रेल नेटवर्क का विस्तार करने का बड़ा फैसला लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नॉर्दर्न बुलेट ट्रेन कॉरिडोर को आधिकारिक मंजूरी दे दी है, जिससे उत्तर और पूर्वोत्तर भारत के बीच की दूरी सिमट जाएगी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना की घोषणा करते हुए बताया कि यह कॉरिडोर दिल्ली को असम के गुवाहाटी से जोड़ेगा।
इस कॉरिडोर की कुल लंबाई लगभग 1,500 किलोमीटर होगी, जो देश के कई महत्वपूर्ण शहरों को आपस में जोड़ेगी। इस रूट पर दिल्ली, आगरा, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज, पटना और सिलीगुड़ी जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव होगा। सबसे बड़ी राहत समय की होगी; इस सेवा के शुरू होने के बाद दिल्ली से सिलीगुड़ी पहुंचने में केवल 6 घंटे और दिल्ली से गुवाहाटी का सफर 8 घंटे से भी कम समय में पूरा हो जाएगा।
किराया होगा किफायती, मध्यम वर्ग को मिलेगा लाभ
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने स्पष्ट किया कि इस हाई-स्पीड ट्रेन का किराया आम जनता की जेब को ध्यान में रखकर तय किया जाएगा। सरकार की कोशिश है कि इसका किराया हवाई यात्रा की तुलना में कम रखा जाए, ताकि मध्यम आय वाले परिवार भी इस आधुनिक सुविधा का लाभ उठा सकें।
फिलहाल यह प्रोजेक्ट प्लानिंग स्टेज पर है। इसमें तकनीकी सर्वे, रूट का निर्धारण, जमीन अधिग्रहण और लागत का आकलन किया जा रहा है, जिसके बाद ठेके दिए जाएंगे। गौरतलब है कि बजट 2026-27 में सात नए हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की घोषणा की गई थी, जिसमें मुंबई-पुणे, पुणे-हैदराबाद और दिल्ली-वाराणसी जैसे रूट शामिल थे। दिल्ली-गुवाहाटी प्रोजेक्ट इन्हीं रणनीतिक विस्तार का हिस्सा है।
वहीं, मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल (MAHSR) प्रोजेक्ट पर काम तेजी से जारी है। उम्मीद है कि 15 अगस्त 2027 तक सूरत और वापी के बीच पहला कमर्शियल सेक्शन चालू हो जाएगा और 2029 तक पूरा कॉरिडोर तैयार हो जाएगा।