सुकेश चंद्रशेखर केस: कोर्ट पहुंचीं नोरा फतेही, लीना मारिया पॉल से पहली मुलाकात का किया खुलासा
सुकेश चंद्रशेखर के 200 करोड़ के जबरन वसूली मामले में नोरा फतेही ने कोर्ट में गवाही दी और लीना मारिया पॉल से मुलाकात का खुलासा किया।

बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही शुक्रवार को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश हुईं। वह सुकेश चंद्रशेखर के खिलाफ चल रहे 200 करोड़ रुपये के कथित जबरन वसूली मामले में गवाही देने पहुंची थीं। इस मामले में सुकेश और उसके अन्य साथी MCOCA (महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम) के तहत ट्रायल का सामना कर रहे हैं। कोर्ट में अपनी गवाही के दौरान नोरा ने उस घटना का जिक्र किया जब उनकी पहली बार लीना मारिया पॉल से मुलाकात हुई थी।
नोरा फतेही ने स्पेशल जज (MCOCA) गागंदीप सिंह के सामने बताया कि दिसंबर 2020 में उन्हें चेन्नई में एक चैरिटी इवेंट के लिए बुलाया गया था, जिसका आयोजन लीना मारिया पॉल ने किया था। नोरा ने स्पष्ट किया कि उन्हें 'एक्ससीड एंटरटेनमेंट' नाम की एजेंसी के जरिए इस इवेंट के लिए बुक किया गया था और इवेंट के दौरान ही उनकी लीना पॉलोज से पहली मुलाकात हुई।
फोन पर हुई थी सुकेश से पहली बात
कोर्ट में दिए अपने बयान में नोरा ने बताया कि जब वह इवेंट की तैयारी कर रही थीं, तब उनकी टीम ने उन्हें सूचित किया कि लीना अपने परिवार के साथ उनसे मिलना चाहती हैं। लीना अपने साथ कुछ उपहार और वीडियोग्राफर लेकर उनके कमरे में आईं और अपना परिचय 'नेल आर्टिस्ट्री सैलून' की मालकिन के रूप में दिया।
नोरा ने आगे बताया, "लीना पॉलोज ने मुझसे कहा कि उनके पति मुझसे 'हेलो' कहना चाहते हैं और आने के लिए धन्यवाद देना चाहते हैं। इसके बाद लीना ने अपने पति को फोन लगाया और स्पीकर ऑन कर दिया, जिस पर उनके पति ने मुझे धन्यवाद कहा।" इसी बातचीत के दौरान लीना ने उन्हें एक कार गिफ्ट करने की बात कही, जिसे स्वीकार करने का अनुरोध सुकेश ने फोन पर ही किया था। नोरा ने यह भी साफ किया कि उन्हें इस इवेंट के लिए कोई फीस नहीं मिली थी, केवल उनके और उनके स्टाफ के हवाई यात्रा के खर्च का भुगतान किया गया था।
यह पूरा मामला तब शुरू हुआ जब सुकेश चंद्रशेखर ने दिल्ली की रोहिणी जेल में रहते हुए खुद को बड़े सरकारी अधिकारी बताकर अदिति सिंह (पूर्व रैनबैक्सी प्रमोटर शिविंदर मोहन सिंह की पत्नी) से करीब 200 करोड़ रुपये ठगे थे। दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने इस मामले की जांच कर MCOCA के तहत चार्जशीट दाखिल की थी। नोरा फतेही को इस मामले में एक गवाह के तौर पर बुलाया गया था क्योंकि उनकी जान-पहचान सुकेश की पत्नी लीना के जरिए थी। उनकी अगली गवाही अब 30 नवंबर को होगी।