नोएडा में बड़ा एक्शन! यातायात नियम तोड़ने पर 3952 वाहनों के कटे ई-चालान और 21 वाहन सीज

नोएडा में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ गौतमबुद्धनगर यातायात पुलिस ने रविवार को विशेष अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान कुल 3952 ई-चालान किए गए।
बिना हेलमेट और फॉल्टी नंबर प्लेट पर कार्रवाई
पुलिस आयुक्त के निर्देशन और पुलिस उपायुक्त यातायात के पर्यवेक्षण में 16 अगस्त को यह कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 1474 वाहन चालकों के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई की गई। इस दौरान पुलिस ने वाहन चालकों को नकली हेलमेट के इस्तेमाल से बचने और सड़क सुरक्षा, यातायात संकेतों एवं नियमों के प्रति जागरूक भी किया।
अन्य नियमों के उल्लंघन पर भी कटे चालान
इस विशेष अभियान में फॉल्टी नंबर प्लेट, नो पार्किंग, मोडिफाइड साइलेंसर, हूटर व प्रेशर हॉर्न तथा ओवरस्पीड के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक फॉल्टी नंबर प्लेट के 198, ओवरस्पीड के 411, मोडिफाइड साइलेंसर के 11, हूटर व प्रेशर हॉर्न के 38 और नो पार्किंग के 410 मामलों में चालान किए गए।
याद रखें सड़क सुरक्षा के नियम
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और दोपहिया वाहन चलाते समय मानक हेलमेट का प्रयोग करने की अपील की। पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को मजबूत करना और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करना है।