नोएडा में बड़ा एक्शन: ट्रैफिक नियम तोड़ने पर 7313 वाहनों के ई-चालान और 29 वाहन सीज

नोएडा में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस ने बुधवार को बड़ा अभियान चलाया। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में पुलिस आयुक्त के निर्देशन और पुलिस उपायुक्त यातायात के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। इस विशेष अभियान के दौरान कुल 7313 वाहनों के ई-चालान काटे गए और 29 वाहनों को सीज किया गया।
मैनुअल और कैमरे से चालान
यातायात पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई में मैनुअल चालान के तहत 3177 और आईएसटीएमएस कैमरों के माध्यम से 4136 वाहनों के ई-चालान किए गए। बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 2876 वाहन चालकों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई।
विभिन्न उल्लंघनों पर कार्रवाई
विशेष अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने पर कई अन्य वाहन चालकों पर भी शिकंजा कसा गया। विपरीत दिशा में वाहन चलाने वाले 721, फॉल्टी नंबर प्लेट वाले 370, बिना इंश्योरेंस के 481, नो पार्किंग में खड़े 648 और ओवर स्पीड के 663 वाहनों के चालान किए गए।
ई-रिक्शा और जागरूकता अभियान
अभियान के दौरान ई-रिक्शा के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करते हुए 11 ई-रिक्शा सीज किए गए और 641 ई-रिक्शा के चालान किए गए। यातायात पुलिस ने महर्षि चौक मार्ग पर आमजन को नकली हेलमेट के प्रति जागरूक किया तथा सड़क सुरक्षा, यातायात संकेतों और नियमों के पालन के लिए लोगों को जागरूक करते हुए सुरक्षित वाहन चलाने की अपील की।