नोएडा में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन, ऊर्जा राज्य मंत्री ने किया शुभारंभ और दिए बड़े बयान

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर बुधवार को नोएडा के सेक्टर-115 स्थित उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश कार्यालय से ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने मुख्य अतिथि के रूप में यात्रा का शुभारंभ किया, जिसके दौरान भारत माता की जय, जय हिंद और वंदे मातरम के नारों से पूरा माहौल देशभक्तिमय हो गया। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन, प्रदेश उपाध्यक्ष निखिल अग्रवाल, अमर सिंह चौहान, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहनलाल गुप्ता, महामंत्री राजेश जिंदल, प्रदेश मंत्री सुनील सिंघानिया, शक्ति सिंह, अमित गोयल, शिवा चौहान, नेहा जैन, चारु जैन, उद्योगपति पीयूष त्रिपाठी, पीजी एसोसिएशन से नितिन अग्रवाल, अजय सोनी, निशांत सारस्वत, आशुतोष, दीपक मस्ताना, जयंत झा, कुलदीप सिंह, रोशनी सिंह, आरती कोचर, लालिमा सिंह और रामकिशन यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
व्यापारियों की भूमिका और सुरक्षा पर बोले मंत्री
व्यापारियों को संबोधित करते हुए ऊर्जा राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को संभालने में व्यापारी वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि मोदी और योगी सरकार में व्यापारी पूरी तरह निडर होकर कारोबार कर रहा है। उनके मुताबिक 2017 से पहले प्रदेश में व्यापारियों के बीच भय का माहौल था, लेकिन अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं और व्यापारी एकजुट होकर तथा विदेशी निवेश के साथ प्रदेश के विकास में भागीदार बन रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश तेजी से देश का सबसे सुरक्षित और समृद्ध राज्य बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
पैदल मार्च और शहीदों को नमन
तिरंगा यात्रा के दौरान मंत्री स्वयं पैदल चले और हाथ में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के नारे लगाए। उन्होंने कहा कि आज देश जिस स्वतंत्रता का आनंद ले रहा है, वह अमर शहीदों और वीर सपूतों के अनगिनत बलिदानों की देन है। इस दौरान नोएडा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान ने कहा कि सरकार व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए संकल्पबद्ध है और तिरंगा देश की आन, बान और शान है। उन्होंने सभी व्यापारियों से एकजुट होकर तिरंगा यात्रा में शामिल होने का आह्वान किया तथा उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल की ओर से व्यापारियों के हित में किए जा रहे सामाजिक और संगठनात्मक कार्यों की सराहना की।
विद्युत समस्याओं पर ज्ञापन और समाधान का आश्वासन
कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन ने ऊर्जा राज्य मंत्री का स्वागत किया और क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से अवगत कराते हुए मंत्री को ज्ञापन सौंपा। विकास जैन ने कहा कि व्यापारी वर्ग सरकार के साथ मिलकर समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर है। इसके जवाब में राज्य मंत्री ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि ज्ञापन में उठाई गई विद्युत संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान कराया जाएगा और उन्होंने भविष्य में क्षेत्र में विद्युत कटौती तथा तकनीकी समस्याओं के समाधान का भी भरोसा दिया।