नोएडा में दिवाली से पहले मिलावटी मिठाइयों पर बड़ी कार्रवाई, 850 किलो मिठाई जब्त

नोएडा के सेक्टर 62 में खाद्य विभाग ने छापेमारी कर भारी मात्रा में घटिया मिठाई नष्ट की। लाइसेंस सस्पेंड करने की प्रक्रिया शुरू।

Kittu Kumari4 November 20262 min read0 viewsNCR
नोएडा में दिवाली से पहले मिलावटी मिठाइयों पर बड़ी कार्रवाई, 850 किलो मिठाई जब्त

दिवाली के त्योहार से पहले नोएडा और ग्रेटर नोएडा में मिठाइयों की शुद्धता को लेकर प्रशासन पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन (FSDA) ने 'शुद्ध ही शुभ है' अभियान के तहत एक बड़ा एक्शन लिया है, जिसमें सेक्टर 62 के रसूलपुर, नवाडा इलाके में स्थित एक मिठाई यूनिट पर छापेमारी की गई। यहाँ जिस तरह से मिठाइयाँ बनाई जा रही थीं, उसे देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए।

जांच के दौरान पाया गया कि मिठाई बनाने और उन्हें स्टोर करने की जगह बेहद गंदगी से भरी थी, जो स्वास्थ्य मानकों के बिल्कुल विपरीत थी। इस कार्रवाई में अधिकारियों ने करीब 400 किलो रसगुल्लों को मौके पर ही नष्ट कर दिया, जबकि 450 किलो बूंदी को जब्त कर लिया गया। विभाग ने इन उत्पादों को इंसानी खपत के लिए पूरी तरह असुरक्षित माना है।

दुकान का लाइसेंस सस्पेंड करने की तैयारी

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

खाद्य विभाग ने इस लापरवाही के बाद सख्त कदम उठाते हुए दुकान का लाइसेंस सस्पेंड करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जब तक दुकान में साफ-सफाई और हाइजीन के मानकों को पूरा नहीं किया जाता, तब तक वहां कारोबार पूरी तरह बंद रहेगा। यह पूरी कार्रवाई जिला मजिस्ट्रेट और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन आयुक्त के निर्देशों पर की गई है।

अधिकारियों ने क्षेत्र के सभी दुकानदारों को चेतावनी दी है कि वे केवल लाइसेंस प्राप्त सप्लायर्स से ही कच्चा माल खरीदें और खरीदारी के बिल व बैच नंबर का रिकॉर्ड जरूर रखें। अब विभाग केवल दुकानों पर ही नहीं, बल्कि मिठाई बनाने से लेकर उसकी डिलीवरी और स्टोरेज तक की पूरी चेन पर नजर रख रहा है।

बता दें कि यह अभियान केवल नोएडा तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश में चलाया जा रहा है। 26 अक्टूबर से 3 नवंबर के बीच राज्य के 38 जिलों में 1,100 से ज्यादा जगहों की जांच की गई, जिसमें 27 लाइसेंस निलंबित किए गए और करीब 54 क्विंटल मिलावटी खाद्य सामग्री जब्त की गई है।

Share:

Comments

Leave a comment